सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के लखनवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाइवे 44 पर बम्होडी ग्राम के समीप दोपहर के समय एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जहां छिंदवाड़ा तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार डम्फर ने ऑटो को टक्कर मार दी और अनियंत्रित होकर मकान में जा घुसा। इस हादसे में कोई जनहानि नही हुई लेकिन, ऑटो वाहन सड़क से एक गड्ढे में घुसकर बुरी तरह क्षतिग्रस्तग्रस्त हो गया। वहीं अनियंत्रित होकर डम्फर वाहन एक मकान में जा घुसा।
जानकारी के अनुसार छिंदवाड़ा तरफ से एक तेज रफ्तार डम्फर आ रहा था जब वह बम्होडी ग्राम के समीप पहुंचा तो सड़क किनारे खड़े एक ऑटो को टक्कर मार दी,जिसके कारण ऑटो गड्ढे में घुस गया, ऑटो में 4 स्कूली बच्चे सवार थे जो सुरक्षित बाख गए। लेकिन क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल बन गया। वहीं डम्फर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते एक मकान में जा घुसा। हादसे की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना स्थल ऐसा क्षेत्र है जहां दिनभर वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। यदि हादसे के समय अन्य वाहन या राहगीर मौजूद होते, तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस व लखनवाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची, और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने बाइक डम्फर चालक को हिरासत में लिया है और डम्फर जप्त कर लिया है। साथ ही हादसे के कारणों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज गति को दुर्घटना का संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। थाना प्रभारी सतीश तिवारी का कहना है कि सड़क हादसे की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और यातायात सुचारू कराया। उन्होंने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने एक बार फिर वाहन चालकों से अपील की है कि घाटी क्षेत्र और मोड़ों पर विशेष सतर्कता बरतें। तेज गति और लापरवाही न केवल चालक बल्कि अन्य लोगों की जान के लिए भी खतरा बन सकती है। बावजूद इसके लगातार हो रही दुर्घटनाएं यह दर्शाती हैं कि लोग यातायात नियमों को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं, जो चिंता का विषय है।
Back to top button