भोपालमध्य प्रदेश

एमपी में कड़ाके की ठंड से मिली राहत, 26 जनवरी से फिर करवट लेगा मौसम

एमपी में कड़ाके की ठंड से मिली राहत, 26 जनवरी से फिर करवट लेगा मौसम

पश्चिमी विक्षोभ के चलते रात के तापमान में उछाल

भोपाल-इंदौर में पारा 17 डिग्री के पार, ग्वालियर-चंबल में कोहरे का साया

भोपाल, यशभारत। मध्य प्रदेश में मौसम के मिजाज में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। उत्तर पाकिस्तान के ऊपर सक्रिय हुए निम्न दाब क्षेत्र और ट्रफ लाइन के असर से प्रदेशवासियों को फिलहाल कड़ाके की रात की ठंड से राहत मिली है। हालांकि, मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि यह राहत अस्थायी है और 26 जनवरी से एक नया ‘स्ट्रॉन्ग वेस्टर्न डिस्टरबेंस’ (पश्चिमी विक्षोभ) प्रदेश के कई हिस्सों को भिगो सकता है।

रात के तापमान में भारी उछाल बीते 24 घंटों के दौरान राजधानी भोपाल और इंदौर में न्यूनतम तापमान में रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज की गई। जनवरी के महीने में पहली बार भोपाल में पारा 17.4 डिग्री और इंदौर में 17.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे रात की सिहरन गायब रही। इसके उलट, शहडोल का कल्याणपुर 5.3 डिग्री के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका बना रहा।

इन जिलों में बारिश की संभावना सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन के अनुसार, 26 जनवरी के बाद सक्रिय होने वाले तंत्र के कारण ग्वालियर, चंबल और बुंदेलखंड अंचल के जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। मुख्य रूप से ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर समेत मालवा के नीमच और मंदसौर जिलों में बादल बरसने के आसार हैं।

अगले दो दिन कोहरे का पहरा मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल दो दिन तेज ठंड का कोई अलर्ट नहीं है, लेकिन सुबह के समय विजिबिलिटी कम रहेगी। ग्वालियर-चंबल अंचल के साथ-साथ सतना, रीवा, भोपाल और उज्जैन में मध्यम से घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिससे सुबह की रफ्तार धीमी पड़ सकती है।

प्रमुख शहरों का न्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
भोपाल: 17.4
इंदौर: 17.3
उज्जैन: 15.0
जबलपुर: 14.8
ग्वालियर: 13.5
कल्याणपुर (शहडोल): 5.3

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button