भोपालमध्य प्रदेश

बोलेरो डिवाइडर पर चढ़कर पलटी, आग लगने से चार युवक गंभीर घायल

बोलेरो डिवाइडर पर चढ़कर पलटी, आग लगने से चार युवक गंभीर घायल

भोपाल, यश भारत। शहर के मुबारकपुर क्षेत्र में गुरुवार- शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। शादी समारोह से लौट रहे चार दोस्तों की बोलेरो अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर पर चढ़ी और फिर दूसरी लेन में पलट गई। पलटते ही वाहन में अचानक आग भड़क उठी। हादसे में चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना का वीडियो शुक्रवार को सामने आया, जिसमें वाहन आग की लपटों में घिरा दिखाई दे रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा गुरुवार रात करीब डेढ़ बजे प्रिंस ढाबा और रंगला पंजाब ढाबा के बीच हुआ। बताया जा रहा है कि बोलेरो तेज रफ्तार में थी। डिवाइडर से टकराने के बाद वाहन उछलकर दूसरी लेन में जा गिरा और पलट गया। कुछ ही पलों में इंजन की ओर से धुआं उठने लगा और आग लग गई। देर रात का समय होने के बावजूद आसपास मौजूद ढाबों के कर्मचारियों और राहगीरों ने साहस दिखाते हुए जलते वाहन से युवकों को बाहर निकाला।

सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ युवकों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि दो की हालत स्थिर बताई जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चारों युवक करोंद क्षेत्र में एक मित्र की शादी में शामिल होकर भानपुर और डोबरा लौट रहे थे। देर रात होने के कारण परिजन लगातार फोन कर रहे थे। जल्द घर पहुंचने की कोशिश में चालक निखिल ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी, जिससे संतुलन बिगड़ गया और यह हादसा हो गया। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है, जिसमें ओवरस्पीड, सड़क की स्थिति और वाहन की तकनीकी खामियां भी शामिल हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button