लाल पहाड़ी बनेगी हरित क्षेत्र, 9 हजार पौधों की तैयारी
निरीक्षण के दौरान सुरक्षा, फेंसिंग और शेष कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश

लाल पहाड़ी बनेगी हरित क्षेत्र, 9 हजार पौधों की तैयारी
निरीक्षण के दौरान सुरक्षा, फेंसिंग और शेष कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश


कटनी,यशभारत। नगर निगम शहर के हरित क्षेत्र को बढ़ाने की दिशा में बड़े स्तर पर पौधारोपण अभियान की तैयारी कर रहा है। इसी कड़ी में लाल पहाड़ी को विकसित कर हरित क्षेत्र बनाने की योजना पर तेजी से काम शुरू हो गया है। आज गुरुवार को निगमायुक्त तपस्या परिहार ने लाल पहाड़ी पहुंचकर पौधारोपण स्थल का निरीक्षण किया और तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि लगभग दो हेक्टेयर क्षेत्र में पौधारोपण के लिए करीब नौ हजार गड्ढों की खुदाई पूरी हो चुकी है। निगमायुक्त ने शेष क्षेत्र में भी जल्द खुदाई पूरी कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पौधारोपण के साथ पौधों का संरक्षण भी उतना ही महत्वपूर्ण है, इसलिए स्थल की फिनिशिंग, सुरक्षा व्यवस्था और फेंसिंग की योजना समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए।
निगमायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को फेंसिंग का विस्तृत प्राक्कलन तैयार करने और पौधों के बेहतर संरक्षण के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उनका कहना था कि इस अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उन्हें सुरक्षित रखकर शहर के हरित आवरण का स्थायी विस्तार करना है।
निरीक्षण के दौरान सहायक यंत्री आदेश जैन, उपयंत्री मृदुल श्रीवास्तव, उपयंत्री मोना करेरा सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।







