मध्य प्रदेशराज्य

30 जांबाज, 5 घंटे का ऑपरेशन: जब कान्हा के तेंदुए को घर में घेरकर वन विभाग ने किया रेस्क्यू 

मंडला, यशभारतl मंडला में एक तेंदुआ जंगल से निकलकर घर के अंदर घुस गया। घर में मौजूद गिदिया बाई अहिरवार (65) ने समझदारी के साथ बाहर निकलकर पड़ोसियों को बताया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने 5 घंटे की मशक्कत के बाद तेंदुए को बेहोश कर रेस्क्यू कर लिया। घटना कान्हा टाइगर रिजर्व के सिझोरा बफर परिक्षेत्र से सटे खटोला गांव में शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 7 बजे की है। गिदिया बाई ने कहा- सुबह मैं घर के आंगन में काम कर रही थी। इसी दौरान किसी जानवर के घर के अंदर घुसने की आहट मिली।

 

मैंने सोचा कि कुत्ता घुसा होगा। अंदर झांका तो तेंदुआ नजर आया। मैंने बिना आवाज किए दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। तेंदुए को रेस्क्यू करने के लिए रेंजर अभिषेक दुबे, वन्य जीव चिकित्सक डॉ. संदीप अग्रवाल, सिझोरा बफर के सहायक संचालक आशीष पांडे, फील्ड डायरेक्टर रविन्द्र मणि त्रिपाठी और डिप्टी डायरेक्टर अमिता केबी 30 सदस्यीय टीम के साथ पहुंचे। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बिछिया पुलिस भी तैनात रही। टीम ने सबसे पहले घर के अंदर तेंदुए की सटीक लोकेशन ट्रेस की। इसके बाद रास्ता साफ कर उसे ट्रेंकुलाइज किया गया। बेहोश तेंदुए को बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार किया। इस पूरी प्रक्रिया में करीब ढाई घंटे का समय लगा, जिसके बाद तेंदुए को विशेष वाहन से मुक्की क्वारेंटाइन सेंटर भेजा गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button