जयघोषों के बीच धाम लौटे भगवान जगन्नाथ, भक्ति में डूबा शहर
बलभद्र और सुभद्रा के साथ निकली बहुदा यात्रा, पुष्पवर्षा, आरती और हरिनाम संकीर्तन से भक्तिमय हुए शहर के प्रमुख मार्ग

जयघोषों के बीच धाम लौटे भगवान जगन्नाथ, भक्ति में डूबा शहर
बलभद्र और सुभद्रा के साथ निकली बहुदा यात्रा, पुष्पवर्षा, आरती और हरिनाम संकीर्तन से भक्तिमय हुए शहर के प्रमुख मार्ग

कटनी,यशभारत। भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा की पावन शोभायात्रा यात्रा आज गुरुवार की शाम पूरे धार्मिक उल्लास और श्रद्धा के साथ निकाली जा रही है। मौसी घर में प्रवास पूर्ण करने के बाद भगवान अपने धाम जगन्नाथ मंदिर की ओर प्रस्थान कर रहे हैं। शहर के सब्जी मंडी स्थित राधा-कृष्ण मंदिर से प्रारंभ हुई भव्य शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल होकर भगवान के दर्शन और पूजन का पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। पूरा शहर “जय जगन्नाथ” के गगनभेदी जयघोष, शंखनाद और हरिनाम संकीर्तन से भक्तिमय हो उठा है।
वर्तमान में शोभायात्रा सुभाष चौक पहुंच चुकी है। यहां श्रद्धालुओं ने भगवान की आरती उतारकर पुष्पवर्षा के साथ भव्य स्वागत किया। मार्ग में घरों की छतों, प्रतिष्ठानों और सड़कों के दोनों ओर श्रद्धालुओं की भीड़ भगवान के दर्शन के लिए उमड़ रही है। जगह-जगह श्रद्धालु हाथ जोड़कर भगवान का स्वागत कर रहे हैं और वातावरण पूरी तरह भक्तिरस में सराबोर दिखाई दे रहा है।
शोभायात्रा के आगे शिवाजी अखाड़ा सहित विभिन्न अखाड़ों के कलाकार पारंपरिक शस्त्र संचालन और व्यायाम कला के आकर्षक करतब प्रस्तुत कर रहे हैं। वहीं राधा-कृष्ण रासलीला, मनोहारी धार्मिक झांकियां और भजन मंडलियों द्वारा प्रस्तुत हरिनाम संकीर्तन एवं भक्ति गीत श्रद्धालुओं को भावविभोर कर रहे हैं। महिलाएं, युवा, बुजुर्ग और बच्चे बड़ी संख्या में शोभायात्रा के साथ चलते हुए भगवान जगन्नाथ के जयकारे लगा रहे हैं।
शोभायात्रा कमानिया गेट, दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर, सुभाष चौक, सराफा बाजार, झंडा बाजार, लक्ष्मी नारायण मंदिर, शेर चौक और आजाद चौक से होते हुए जगन्नाथ चौक स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर पहुंचेगी। मंदिर में भगवान के आगमन पर विशेष पूजा-अर्चना, महाआरती और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे।
यात्रा मार्ग पर विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं सेवा संगठनों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए शीतल पेय और प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई है। नगर के कई स्थानों पर भगवान की आरती उतारकर पुष्पवर्षा के साथ शोभायात्रा का स्वागत किया जा रहा है।
शोभायात्रा को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात के व्यापक इंतजाम किए हैं। प्रमुख मार्गों और चौराहों पर पुलिस बल तैनात है, जबकि प्रशासनिक अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं, जिससे शोभायात्रा श्रद्धा, गरिमा और अनुशासन के साथ आगे बढ़ रही है।





