ऑपरेशन शिकंजा : अवैध शराब कारोबार पर पुलिस का करारा प्रहार, 1 लाख रूपए कीमती शराब बरामद , 67 आरोपी गिरफ्तार

कटनी, यशभारत। जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने एवं अवैध नशे के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में संचालित विशेष अभियान ऑपरेशन शिकंजा के अंतर्गत विगत दिवस कटनी पुलिस द्वारा जिले भर में एक साथ व्यापक एवं सघन कार्रवाई की गई। इस विशेष अभियान के दौरान जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में गठित पुलिस टीमों ने अवैध देशी एवं विदेशी शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं विक्रय में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध ताबड़तोड़ दबिश दी। कार्रवाई के दौरान विभिन्न संदिग्ध ठिकानों से भारी मात्रा में अवैध शराब, कच्ची मदिरा तथा शराब निर्माण में प्रयुक्त उपकरण एवं सामग्री नष्ट की गई। अभियान के दौरान कुल 67 दर्ज प्रकरण करते हुए 67 आरोपी गिरफ्तार किए गए। आरोपियों के कब्जे से 117 लीटर अवैध देशी विदेशी शराब एवं 67 लीटर कच्ची शराब जब्त की गई। जब्त सामग्री का अनुमानित मूल्य 98 हजार रूपए आंका गया है। सभी मामलों में आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई करते करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया गया है। कटनी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें कहीं भी अवैध शराब अथवा अन्य नशीले पदार्थों के निर्माण, बिक्री या परिवहन की जानकारी प्राप्त हो, तो तत्काल नजदीकी थाना अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित किया जाए।







