सतना lशहर के कोठी रोड पर सोमवार देर रात एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जहां सड़क पर खींचे गए तार की चपेट में आकर बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा रात करीब 11 बजे गढ़िया टोला कब्रिस्तान के पास हुआ।
पुलिस के अनुसार, एक ठेकेदार का कर्मचारी ट्रैक्टर की मदद से भारी-भरकम मिक्सर मशीन को सड़क के दूसरी ओर ले जा रहा था। मशीन को तार से बांधकर खींचा जा रहा था, लेकिन सड़क पर किसी तरह की चेतावनी या सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए थे।
इसी दौरान सिविल लाइन की ओर से आ रही बाइक तार में उलझ गई। बाइक चला रहे रामजस चौधरी (45), निवासी कंचनपुर-अमरपाटन की गर्दन तार में फंस गई, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
बाइक पर सवार उनके रिश्तेदार अरविंद चौधरी (38), निवासी उदयसागर और रामप्रसाद चौधरी (40), निवासी रामपुर चौरासी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि तीनों मौसेरे भाई अपनी मौसेरी बहन की ससुराल बगहा में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। रामजस पहले सतना पहुंचे थे, इसके बाद सिविल लाइन से अरविंद और रामप्रसाद के साथ बाइक से रवाना हुए थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए मॉर्चुरी भिजवाया गया। वहीं ट्रैक्टर और मिक्सर मशीन को जब्त कर लिया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि लापरवाही किसकी थी और सुरक्षा मानकों का पालन क्यों नहीं किया गया। यह हादसा सड़क पर काम के दौरान सुरक्षा इंतजामों की बड़ी लापरवाही को उजागर करता है।