
गुलौआ तालाब में मछलियों की मौत से फैली दुर्गंध,
मॉर्निंग वॉक और बच्चों की सेहत पर खतरा
जबलपुर, यश भारत। शहर के गुलौआ तालाब में बड़ी संख्या में मछलियों की मौत के बाद क्षेत्र में हालात बिगड़ गए हैं। तालाब के पानी में मरी हुई मछलियों के कारण चारों ओर तेज बदबू फैल रही है, जिससे सुबह-शाम पैदल भ्रमण करने आने वाले लोगों और बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि गुलौआ तालाब के आसपास बना पैदल मार्ग लोगों की मॉर्निंग वॉक और बच्चों के खेलने का प्रमुख स्थान है, लेकिन बीते कुछ दिनों से मरी हुई मछलियों से उठ रही दुर्गंध के कारण वहां रुकना मुश्किल हो गया है। लोगों ने बताया कि बदबू इतनी ज्यादा है कि सांस लेने में दिक्कत हो रही है और स्वास्थ्य पर भी इसका असर पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का अंदेशा है कि तालाब के पानी की गुणवत्ता खराब होने और ऑक्सीजन की कमी के कारण मछलियों की मौत हुई है। इससे तालाब का पानी भी दूषित हो गया है और क्षेत्र का पर्यावरण प्रभावित हो रहा है।
इनका कहना है

कि शिकायत मिलने पर विभागीय टीम मौके पर पहुंची थी। तालाब में आवश्यक पाउडर डलवाया गया है तथा जल प्रभारी कमलेश श्रीवास्तव के साथ संयुक्त निरीक्षण किया गया। तालाब में मौजूद मृत मछलियों को निकलवा दिया गया है। आगे भी यदि इस तरह की कोई शिकायत आती है तो तत्काल कार्रवाई की जाएगी, ताकि तालाब की सफाई बनी रहे और नागरिकों को परेशानी न हो।
नगर निगम स्वास्थ्य अधिकारी अंकिता बर्मन






