सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह दो दिवसीय प्रवास पर सागर जिले के बीना विधानसभा क्षेत्र में पहुंच रहे हैं। उनके इस दौरा कार्यक्रम में जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मुहासा पूरे समय मौजूद रहेंगे। उनके इस दौरे का मुख्य केंद्र बिंदु कांग्रेस संगठन की मजबूती और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ ‘मनरेगा’ को बचाना है।
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता डॉ संदीप सबलोक द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह 19 जनवरी की रात्रि बीना पहुंचेंगे। यहाँ जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मुहासा उनकी आगवानी करेंगे। वे स्थानीय कांग्रेसजनों और वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर विधानसभा की राजनीतिक स्थिति पर चर्चा करेंगे। रात्रि विश्राम बीना में ही होगा।
20 जनवरी मंगलवार को प्रातः 11 बजे जिला कांग्रेस कमेटी सागर (ग्रामीण) एवं बीना ब्लॉक कांग्रेस के तत्वाधान में ग्राम गोधना (तहसील बीना) में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। जिसकी अध्यक्षता जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मुहासा करेंगे।इस दौरान श्री दिग्विजय सिंह ‘पंचायत स्तरीय कांग्रेस समिति’ के गठन की समीक्षा करेंगे और ‘मनरेगा बचाओ अभियान’ के तहत ग्रामीणों व श्रमिकों को संबोधित करेंगे।
जिला कांग्रेस कमेटी सागर ग्रामीण के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मोहासा ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री का यह दौरा संगठन में नई ऊर्जा फूंकने का काम करेगा। कार्यक्रम में जिले के तमाम वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। जिला अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मोहासा एवं बीना ब्लॉक कांग्रेस ने विधानसभा क्षेत्र के सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पंचायत प्रतिनिधियों और आमजन से अधिक से अधिक संख्या में ग्राम गोधना पहुंचने की अपील की है।
Back to top button