मुख्य सचिव अनुराग जैन करेंगे अफसरों के कामकाज की समीक्षा, 15 जनवरी को सभी कलेक्टरों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग

भोपाल,यशभारत। मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन प्रदेश के मंत्रालय से लेकर मैदानी स्तर तक के अधिकारियों के कामकाज की व्यापक समीक्षा करने जा रहे हैं। इसके लिए 15 जनवरी को प्रदेश के सभी कलेक्टरों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मौजूद रहने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान अधिकारियों के प्रदर्शन का आकलन कर उनका रिपोर्ट कार्ड तैयार किया जाएगा, जिसके आधार पर जल्द ही तबादला सूची जारी होने की संभावना है।
सूत्रों के अनुसार, मुख्य सचिव कार्यालय और सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा मंत्रालय से लेकर फील्ड स्तर तक के अधिकारियों के कार्यों की समीक्षा की जा रही है। 1 जनवरी को कई अधिकारियों को प्रमोशन दिया गया था, लेकिन फिलहाल उनकी पदस्थापना यथावत रखी गई है। अब परफॉर्मेंस के आधार पर कुछ अधिकारियों को जिलों से हटाकर मंत्रालय में पदस्थ किया जा सकता है, जबकि कुछ को नई जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।
15 जनवरी को होने वाली इस वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में कलेक्टरों के साथ-साथ संभागायुक्त, नगर निगम आयुक्त, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और स्मार्ट सिटी के सीईओ भी शामिल होंगे। बैठक में मैदानी स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन, प्रशासनिक कार्यक्षमता और जनसेवा से जुड़े मुद्दों की समीक्षा की जाएगी। इसके बाद तबादलों का सिलसिला शुरू होने की संभावना है।
हालांकि, प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य जारी होने के कारण कलेक्टर और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को 21 फरवरी तक नहीं बदला जाएगा।
अपर सचिव से लेकर सचिव स्तर तक होंगे बदलाव
प्रदेश में कलेक्टर से लेकर सचिव स्तर तक के कई अधिकारियों को प्रमोशन मिल चुका है। कुछ अधिकारी एक ही स्थान पर दो साल से अधिक समय से पदस्थ हैं, जिन्हें अब बदले जाने की तैयारी है। वहीं मंत्रालय में कुछ अपर सचिवों को सचिव पद पर पदोन्नत किया गया है, जिनकी नई पदस्थापना भी जल्द की जाएगी। इसे देखते हुए मुख्य सचिव कार्यालय और सामान्य प्रशासन विभाग अपने स्तर पर पूरी तैयारी कर रहा है।
प्रशासनिक हलकों में माना जा रहा है कि यह समीक्षा प्रदेश में प्रशासनिक कार्यक्षमता बढ़ाने और जवाबदेही तय करने की दिशा में एक अहम कदम साबित होगी।







