सिवनी यश भारत:-सिवनी के डूंडासिवनी थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की हत्या करने की नीयत से हथियार लेकर घर में घुसकर तोड़फोड़ करने वाले 11 गुण्डा बदमाशों को डूंडासिवनी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुनील मेहता के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा एवं सीएसपी श्रद्धा सोनकर के मार्गदर्शन में की गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक चैनसिंह उइके ने बताया कि 6 जनवरी को भवानी चौक, टैगोर वार्ड निवासी ममता यादव पति संतोष यादव (45) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार फरहान खान,हाकिम खान, इमरान खान,आदिल खान एवं उनके अन्य 20-25 साथियों ने एक राय होकर तलवार, डंडे व रॉड लेकर पुरानी रंजिश के चलते प्रार्थिया के घर में जबरन प्रवेश किया। आरोपियों ने मां-बहन की गंदी-गंदी गालियां दीं तथा प्रार्थिया के पुत्र हर्षित यादव को जान से मारने की नीयत से घर में तलाशने लगे।
आरोपियों ने घर की खिड़कियों एवं मोटरसाइकिल में तलवार व डंडों से जमकर तोड़फोड़ की। आरोपियों का आक्रोश इस कदर था कि यदि हर्षित यादव घर में मिल जाता तो उसकी हत्या कर दी जाती। पुलिस ने प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना डूंडासिवनी में अपराध क्रमांक 05/26 बीएनएस की सुसंगत धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश की गई, जिसके परिणामस्वरूप आज दोपहर में 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में मो. जैद खान (19), अरसिल खान (22), रहबर खान (19), इमरान खान पिता हफीज (24), फरहान खान (24), इमरान खान पिता इकबाल (24), जुनैद खान (20), आदिल खान (22), अनस अंसारी (20), अरमान उर्फ रिहान खान (18) सभी निवासी सूफी नगर जिला सिवनी तथा अयाज खान उर्फ पिंटू (20) निवासी नया मोहल्ला गांधी वार्ड सिवनी शामिल हैं।
इस कार्रवाई में निरीक्षक चैनसिंह उइके सहित सहायक उपनिरीक्षक बालकृष्ण त्रिगाम, संजय बघेल, प्रधान आरक्षक संजय यादव, आरक्षक नितेश राजपूत, कृष्णकुमार भालेकर, रवि धुर्वे, विनोद बोपचे, विक्रम देशमुख, अनुराग दुबे, हिमेन्द्र सहारे, अजय मिश्रा एवं मिथलेश की सराहनीय भूमिका रही।
Back to top button