कोलार में गैंगवार: वर्चस्व की जंग में चली गोलियां, हिस्ट्रीशीटर जीतू यादव के ठिकाने पर शहजाद गैंग का खूनी हमला

कोलार में गैंगवार: वर्चस्व की जंग में चली गोलियां, हिस्ट्रीशीटर जीतू यादव के ठिकाने पर शहजाद गैंग का खूनी हमला
दहशत की रात: ओम नगर में 30 नकाबपोशों ने बोला धावा, फॉर्च्यूनर में तोड़फोड़; जान बचाने के लिए बदमाशों ने की हवाई फायरिंग
भोपाल, यशभारत। राजधानी का पॉश इलाका कहा जाने वाला कोलार शुक्रवार रात गोलियों की तड़तड़ाहट और चीख पुकार से दहल उठा। ओम नगर में वर्चस्व की लड़ाई को लेकर दो कुख्यात बदमाश गुट आपस में भिड़ गए। पुराने साथी रहे शहजाद ने अपने 25-30 गुर्गों के साथ हिस्ट्रीशीटर जीतू यादव के ठिकाने पर हमला बोल दिया। इस दौरान जमकर पत्थरबाजी हुई, गाड़ियां तोड़ी गईं और अंत में आत्मरक्षा के नाम पर हवाई फायरिंग की गई। घटना के बाद पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
गुरु चेले की दुश्मनी में बदला इलाका जंग का मैदान
पुलिस के मुताबिक, हमलावर शहजाद पहले इलाके के हिस्ट्रीशीटर जीतू यादव के लिए ही काम करता था। जीतू पर अवैध गैस रिफिलिंग और जुए के सट्टे के संचालन के गंभीर आरोप हैं। कुछ समय पहले शहजाद ने जीतू से अलग होकर अपना स्वतंत्र नेटवर्क खड़ा कर लिया, जिससे दोनों के बीच ‘एरिया’ पर कब्जे को लेकर ठन गई। यही रंजिश शुक्रवार रात खूनी संघर्ष में बदल गई।
सिर फटा, गाड़ियां चकनाचूर, फिर गूंजी गोलियां
देर रात शहजाद करीब तीन दर्जन युवकों के साथ हथियारों से लैस होकर जीतू के अड्डे पर पहुंचा। अचानक हुए इस हमले में जीतू यादव का सिर फट गया और उसके कई साथी लहूलुहान हो गए। हमलावरों ने वहां खड़ी जीतू की महंगी फॉर्च्यूनर कार को डंडों और पत्थरों से बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्थिति बेकाबू होते देख जीतू यादव पक्ष की ओर से दहशत फैलाने और जान बचाने के लिए हवाई फायरिंग की गई, जिसके बाद हमलावर भाग निकले।
राजनीतिक रसूख की ढाल और खाकी की खामोशी स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि रिहायशी इलाके में अवैध गैस रिफिलिंग जैसा खतरनाक धंधा पुलिस की नाक के नीचे चल रहा था। सूत्रों की मानें तो जीतू यादव को कुछ रसूखदार नेताओं का संरक्षण प्राप्त है, जिसके चलते कोलार पुलिस उसके अवैध अड्डों पर हाथ डालने से कतराती रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सूचना मिलते ही कोलार समेत तीन थानों का बल मौके पर तैनात किया गया है। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। घायलों के बयान दर्ज होते ही शहजाद और उसके साथियों पर हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया जाएगा।






