यश भारत I यश भारत के कार्यक्रम “प्राइम टाइम विद आशीष शुक्ला” में वर्ष 2026 को लेकर विशेष परिचर्चा आयोजित की गई। कार्यक्रम का संचालन यश भारत के संस्थापक आशीष शुक्ला ने किया। इस अवसर पर प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य पंडित लोकेश व्यास, जो कि यश भारत पंचांग के रचयिता भी हैं, विशेष रूप से मौजूद रहे।
परिचर्चा के दौरान पंडित लोकेश व्यास ने ग्रह-नक्षत्रों की स्थिति, शनि-राहु के प्रभाव और गुरु के गोचर के आधार पर वर्ष 2026 का विस्तृत राशिफल प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि आने वाला वर्ष कई राशियों के लिए नई संभावनाएं लेकर आएगा, वहीं कुछ राशियों को धैर्य, संयम और सही निर्णय लेने की आवश्यकता रहेगी।
मेष राशि
वर्ष 2026 मेष राशि वालों के लिए मेहनत और आत्मविश्वास का वर्ष रहेगा। नौकरी और व्यापार में उन्नति के अवसर मिलेंगे। जल्दबाजी और आवेश से बचकर निर्णय लेना लाभकारी रहेगा।
वृषभ राशि
इस वर्ष वृषभ राशि के जातकों को आर्थिक स्थिरता मिलेगी। पारिवारिक जीवन सुखद रहेगा। निवेश से लाभ संभव है, लेकिन किसी भी निर्णय से पहले अनुभवी लोगों की सलाह अवश्य लें।
मिथुन राशि
मिथुन राशि वालों के लिए 2026 करियर में बदलाव का संकेत देता है। नई जिम्मेदारियां मिलेंगी। स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहें। यात्रा और संपर्कों से भविष्य में लाभ के योग बनेंगे।
कर्क राशि
वर्ष 2026 में कर्क राशि वालों को भावनात्मक संतुलन बनाए रखना होगा। कार्यक्षेत्र में मेहनत का सम्मान मिलेगा। पारिवारिक सहयोग बढ़ेगा और सामाजिक प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी।
सिंह राशि
सिंह राशि के जातकों के लिए यह वर्ष नेतृत्व और आत्मबल को मजबूत करने वाला रहेगा। समाज और कार्यक्षेत्र में पहचान बढ़ेगी। अहंकार से बचकर चलना सफलता की कुंजी रहेगा।
कन्या राशि
कन्या राशि वालों के लिए 2026 योजनाओं को साकार करने का वर्ष रहेगा। शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षा और बौद्धिक कार्यों में सफलता के योग हैं। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा।
तुला राशि
इस वर्ष तुला राशि वालों को संतुलन के साथ आगे बढ़ना होगा। साझेदारी के कार्यों में सावधानी जरूरी है। दांपत्य और पारिवारिक जीवन में मधुरता बनी रहेगी।
वृश्चिक राशि
वर्ष 2026 वृश्चिक राशि के लिए परिवर्तन और आत्ममंथन का रहेगा। पुराने रुके कार्य पूरे होंगे। स्वास्थ्य को लेकर सतर्कता जरूरी है, लेकिन मानसिक मजबूती बनी रहेगी।
धनु राशि
धनु राशि वालों के लिए यह वर्ष भाग्य का साथ देने वाला रहेगा। शिक्षा, धर्म और अध्यात्म से जुड़े कार्यों में उन्नति होगी। लंबी यात्रा और नए अवसर मिल सकते हैं।
मकर राशि
मकर राशि के जातकों को 2026 में मेहनत का पूरा फल मिलेगा। आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। अनुशासन और धैर्य से किए गए कार्य लंबे समय तक लाभ देंगे।
कुंभ राशि
कुंभ राशि वालों के लिए यह वर्ष नए विचार और नवाचार का रहेगा। तकनीकी और सामाजिक क्षेत्रों में सफलता मिलेगी। मित्रों और सहयोगियों से सहयोग प्राप्त होगा।
मीन राशि
मीन राशि के जातकों के लिए 2026 रचनात्मकता और आध्यात्मिक उन्नति का वर्ष रहेगा। कला, लेखन और सेवा से जुड़े कार्यों में विशेष प्रगति देखने को मिलेगी।
राशियों के लिए लाभदायक है यह मंत्र
प्राइम टाइम कार्यक्रम के दौरान ज्योतिषाचार्य पंडित लोकेश व्यास ने सभी राशियों के जातकों को सूर्य मंत्र के नियमित जाप की सलाह दी। उनके अनुसार सूर्य आत्मबल, स्वास्थ्य, सम्मान और सफलता के कारक हैं। प्रतिदिन इस मंत्र का जप करने से मानसिक तनाव कम होता है और ग्रहों की अनुकूलता बढ़ती है।
मंत्र:
“जपाकुसुम संकाशं काश्यपेयं महाद्युतिम्।
तमोरिं सर्वपापघ्नं प्रणतोऽस्मि दिवाकरम्॥”
परिचर्चा के अंत में पंडित लोकेश व्यास ने कहा कि वर्ष 2026 में केवल राशिफल ही नहीं, बल्कि सकारात्मक सोच, सही कर्म और संयम ही जीवन की दिशा तय करेंगे। प्राइम टाइम विद आशीष शुक्ला में हुई यह विशेष चर्चा दर्शकों के लिए आने वाले वर्ष की स्पष्ट रूपरेखा प्रस्तुत करती है। जिसे आप विस्तार से यश भारत के सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर और यश भारत न्यूज़ चैनल पर देख सकते हैं।
Back to top button