मध्य प्रदेशराज्य

दर्दनाक खबर : ममता का गला घोंटकर मां ने दो मासूम बेटों संग लगाई फांसी: ट्रैक्टर पर लदी तीन लाशें देख रो पड़ा पूरा इलाका

Table of Contents

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ जिले के रहली कस्बे से एक ऐसी रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। रहली थाना क्षेत्र के मैनाई गांव में एक मां ने अपने दो कलेजे के टुकड़ों के साथ फांसी के फंदे पर झूलकर जीवन लीला समाप्त कर ली। 

घटना गुरुवार रात की है। मृतका रचना लोधी (32 वर्ष) का पति राजेश और जेठ ब्रजेश शाम को खेत पर सिंचाई करने गए थे। रात करीब पौने 10 बजे जब दोनों भाई थकान मिटाने घर लौटे, तो उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि घर के अंदर कोई खौफनाक मंजर उनका इंतजार कर रहा है। जैसे ही राजेश अपने कमरे की ओर बढ़ा, उसकी एक ऐसी चीख निकली जिसने पूरे मुहल्ले को दहला दिया। कमरे में रचना, उसका 5 वर्षीय बेटा ऋषभ और 2 वर्षीय मासूम राम अलग-अलग फंदों पर लटके हुए थे। बदहवास परिजनों ने तुरंत रस्सियां काटकर उन्हें नीचे उतारा, लेकिन तब तक मां और बच्चों की सांसें टूट चुकी थीं।

यह मामला जितना दुखद है, उतना ही रहस्यमयी भी बना हुआ है। पुलिस को घटनास्थल पर घर का दरवाजा खुला मिला है, जबकि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि आखिर वह क्या मजबूरी थी जिसने एक मां को इतना आत्मघाती कदम उठाने पर मजबूर कर दिया? क्या यह मानसिक तनाव का नतीजा है या इसके पीछे कोई गहरा पारिवारिक कारण छिपा है? पुलिस हर पहलू की बारीकी से तफ्तीश कर रही है।

आज शुक्रवार का दिन मैनाई गांव के लिए किसी काले दिन से कम नहीं था। जब पोस्टमॉर्टम के लिए मां और दोनों मासूम बच्चों के शवों को एक ही ट्रैक्टर में रखकर अस्पताल ले जाया गया, तो यह मंजर देखकर हर किसी का कलेजा मुंह को आ गया। मासूम राम और ऋषभ, जिनकी अभी दुनिया देखने की उम्र थी, अपनी मां के साथ सफेद कफन में लिपटे थे। अस्पताल परिसर में मौजूद हर शख्स की पलकें इस दृश्य को देखकर भीग गईं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए रहली पुलिस के साथ फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।

       अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा ने यश भारत के संभागीय ब्यूरो को बताया कि घटना के संबंध में रहली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है। परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद ही मौत के सही कारणों और परिस्थितियों का खुलासा हो सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button