
जबलपुर,यशभारत। थाना बरेला पुलिस ने जुए के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जुए के फड़ पर छापा मारकर दो जुआड़ियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 30 हजार 500 रुपये नगद एवं ताश के 52 पत्ते जब्त किए हैं। थाना प्रभारी बरेला अनिल पटेल ने बताया कि 24 दिसंबर को गौर क्षेत्र में विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम बसनिया टोला में नदी के किनारे कुछ लोग ताश पत्तों पर रुपये की हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मुखबिर के बताए स्थान पर दबिश दी।
दबिश के दौरान बिजली के उजाले में कुछ जुआड़ी ताश पत्तों पर दांव लगाकर जुआ खेलते पाए गए। पुलिस को देखकर जुआड़ी भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर पुलिस ने दो आरोपियों को मौके से पकड़ लिया। पकड़े गए जुआड़ियों ने अपने नाम विष्णु गिरी निवासी ग्राम चारघाट एवं रत्नेश लोधी निवासी कटियाघाट बताए। पुलिस के अनुसार मौके से भागने वाले आरोपियों में आकाश उर्फ रेन्चू निवासी देवरी, जितेंद्र उर्फ पप्पू मिश्रा, सुनील दुबे निवासी बसनिया तथा राजदीप चावरे निवासी चेतना मैदान बिलहरी शामिल हैं। पुलिस ने जुआड़ियों के पास से तथा जुए के फड़ से ताश के 52 पत्ते और नगद 30 हजार 500 रुपये जब्त कर आरोपियों के विरुद्ध जुआ एक्ट की धारा 13 के तहत कार्रवाई की है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।







