देश

ब्रेकिंग : झरेला मोड़ पर भीषण सड़क हादसा: ऑटो–लोडर की टक्कर में युवक की मौत, तीन गंभीर घायल

कटनी, यशभारत। कटनी जिले के बड़वारा थाना क्षेत्र अंतर्गत विलायत कला–स्लीमनाबाद मार्ग पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई। झरेला मोड़ के पास ऑटो और लोडर वाहन की आमने-सामने भिड़ंत में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। विलायत कला से स्लीमनाबाद की ओर जा रहा ऑटो और सामने से आ रहा लोडर वाहन तेज रफ्तार में थे। मोड़ के पास दोनों चालकों का नियंत्रण बिगड़ गया, जिससे सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल बड़वारा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बड़वारा पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एम्बुलेंस की मदद से घायलों को बड़वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद अभिषेक बर्मन, पिता गिरधारी, निवासी मंगल नगर थाना रंगनाथ को मृत घोषित कर दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए तीन लोगों की पहचान पप्पू कुशवाहा (35), पिता जवाहर कुशवाहा, निवासी ग्राम भुड़सा, थाना बड़वारा, छोटू कोल, पिता विदेशी कोल, निवासी ग्राम भुड़सा, थाना बड़वारा, रजनीश तिवारी, पिता गोविंद प्रसाद, निवासी मंगल नगर के रूप में हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें कटनी जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की पड़ताल कर रही है।IMG 20251219 WA0965

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button