भोपालमध्य प्रदेश

ऐतिहासिक ताजुल मसाजिद में वीडियो बनाने पर बवाल: इन्फ्लुएंसर शादाब जकाती के खिलाफ फतवा जारी, FIR की मांग

ऐतिहासिक ताजुल मसाजिद में वीडियो बनाने पर बवाल: इन्फ्लुएंसर शादाब जकाती के खिलाफ फतवा जारी, FIR की मांग

​भोपाल यश भारत। देश-विदेश में चर्चित सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर शादाब जकाती एक बड़े विवाद में घिर गए हैं। भोपाल स्थित एशिया की सबसे बड़ी मस्जिदों में से एक, ताजुल मसाजिद के अंदर जूते पहनकर और बेपर्दा महिलाओं के साथ वीडियो बनाने के मामले में ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी ने उनके खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए फतवा जारी कर दिया है। कमेटी ने तत्काल FIR दर्ज करने और इन्फ्लुएंसर को शहर से बाहर न जाने देने की मांग की है।

​ धार्मिक नियमों के उल्लंघन का आरोप

​विवाद की जड़ शादाब जकाती द्वारा ताजुल मसाजिद परिसर में फिल्माया गया एक वीडियो है, जिसमें महिलाएं कथित तौर पर जूते पहने हुए और बिना दुपट्टे (बेपर्दा) नजर आ रही हैं। मुस्लिम कमेटियों का आरोप है कि इस कृत्य से इस्लामिक नियमों का घोर उल्लंघन हुआ है और यह मस्जिद जैसे पवित्र इबादतगाह की गरिमा को ठेस पहुंचाता है। कमेटी ने शादाब पर मज़हब से खिलवाड़ करने का भी आरोप लगाया है।

​’मुंह काला करो और जेल भेजो’: कमेटी

​ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी के अध्यक्ष शमशुल हसन ने इस मामले पर कड़ा विरोध जताते हुए कहा, “इतिहास की ऐतिहासिक दुनिया में मशहूर मस्जिद पर इस तरह बेहया औरतों के साथ वीडियो बनाया जा रहा है। ये लोग अपनी पब्लिसिटी पाने के लिए मस्जिदों को नापाक कर रहे हैं और नाचने गाने का अड्डा बनाना चाहते हैं।”

​शमशुल हसन ने भोपाल के लोगों से अपील करते हुए कहा, “शादाब को जहां भी देखें, इसको जल्दी से जल्दी पकड़ो और भोपाल से भागने न दो। इसका मुंह काला करें। कोई माफी नहीं होना चाहिए। इसे जूते और जेल की हवा जरूरी है।”

​तत्काल FIR की मांग, आंदोलन की चेतावनी

​कमेटी ने शाहजहानाबाद थाने में शादाब जकाती और वीडियो बनाने में उनका साथ देने वाले भोपाल के स्थानीय इन्फ्लुएंसर के खिलाफ तत्काल FIR दर्ज करने की मांग की है। कमेटी ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया, तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

​उत्तर प्रदेश के रहने वाले शादाब जकाती की सोशल मीडिया पर बड़ी फैन फॉलोइंग है, लेकिन इस घटना के बाद वह धार्मिक संगठनों के निशाने पर आ गए हैं। फिलहाल पुलिस की ओर से मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button