महिला से दिनदहाड़े बदमाशों ने चेन लूटी, पीछा करने पर घायल हुई पीड़िता

महिला से दिनदहाड़े बदमाशों ने चेन लूटी, पीछा करने पर घायल हुई पीड़िता
भोपाल, यशभारत। राजधानी में बाइक सवार बदमाशों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। दिनदहाड़े आरआरएल तिराहे के अंडरब्रिज के पास एक महिला से सोने की चेन लूटने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शाहपुरा निवासी गृहिणी वर्षा सहगल (35) जब अपने बच्चों के स्कूल से स्कूटर से लौट रही थीं, तभी पल्सर बाइक पर सवार एक नकाबपोश बदमाश ने झपट्टा मारकर उनके गले से चेन खींच ली।
पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाश का पीछा किया, लेकिन हड़बड़ी में उनका स्कूटर फिसल गया, जिससे उन्हें चोट आई। प्रत्यक्षदर्शी एक बाइक सवार युवक ने भी लुटेरे को पकड़ने की कोशिश की, मगर बदमाश शक्ति नगर की तरफ गलियों में घुसकर फरार हो गया।
पुलिस ने शाहपुरा थाने में मामला दर्ज कर लिया है और शक्ति नगर व एम्स मार्ग के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। हालांकि, फुटेज में बदमाश तो दिखा है, लेकिन बाइक का नंबर स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस का कहना है कि चेन स्नैचर गिरोह की पहचान के लिए तकनीकी इनपुट्स जुटाए जा रहे हैं।






