भोपालमध्य प्रदेश

लाखों रुपये की चोरी के मामले में पड़ोसी मामा-भांजा गिरफ्तार, 12 लाख का माल बरामद

लाखों रुपये की चोरी के मामले में पड़ोसी मामा-भांजा गिरफ्तार, 12 लाख का माल बरामद
भोपाल,यशभारत। राजधानी के शाहजहांनाबाद पुलिस ने जुलाई महीने में ब्राइट कॉलोनी, ईदगाह हिल्स में हुई 60 लाख रुपये की बड़ी चोरी की गुत्थी सुलझा ली है। चौंकाने वाली बात यह है कि चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले कोई और नहीं, बल्कि फरियादी के पड़ोसी मामा-भांजे ही निकले। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, चोरी गए कुल माल (60 लाख रुपये) में से पुलिस अब तक महज 12 लाख रुपये की ज्वेलरी ही बरामद कर पाई है।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
कृषि विभाग से रिटायर्ड अधिकारी मिर्जा इफ्तेखार बेग (69) अपने परिवार के साथ परवलिया स्थित दामाद के फॉर्म हाउस गए हुए थे। इसी दौरान सूने मकान का फायदा उठाकर चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया। अलमारी में रखी मिर्जा बेग की पत्नी और बेटी की 60 लाख रुपये कीमत की ज्वेलरी चोरी कर ली गई थी। घर लौटने पर उन्होंने चोरी की रिपोर्ट शाहजहानाबाद थाने में दर्ज कराई थी।
सीसीटीवी फुटेज और एफएसएल ने की मदद
पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर एफएसएल टीम से निरीक्षण कराया और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को पड़ोसी यूसुफ सिद्दीकी और उसके भांजे अब्दुल रहमान पर शक हुआ, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की।
ज्वैलर की तलाश जारी
मामले की जांच कर रहे अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपियों ने चोरी का अधिकांश माल जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के एक ज्वैलर्स को बेच दिया है। पुलिस ने 12 लाख रुपये का माल बरामद कर लिया है, जबकि बाकी बचे माल और ज्वैलर्स की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button