सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ सिरोंज नगर में एक हृदय विदारक घटना हुई है। सागर निवासी एक्सिस बैंक सिरोंज शाखा के प्रबंधक चेतन चौधरी (जैन), उम्र लगभग 44 वर्ष, का शव उनके किराए के आवास पालीवाल कॉलोनी में मिला है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, उनकी मृत्यु का कारण हृदय गति रुकना बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, देर रात चेतन चौधरी अपने कमरे में बेहोशी की हालत में पाए गए। जब सहयोगियों और परिचितों ने उन्हें उठाने का प्रयास किया, तब तक उनकी सांस नहीं चल रही थी। तत्काल स्थानीय चिकित्सक को बुलाया गया, लेकिन डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
चेतन चौधरी मूल रूप से सागर जिले के निवासी थे और सिरोंज में पिछले कुछ वर्षों से बैंक प्रबंधक के रूप में पदस्थ थे। उन्हें उनके व्यवहार, समर्पण और सौम्य स्वभाव के लिए स्थानीय लोगों और बैंक ग्राहकों के बीच विशेष रूप से जाना जाता था। उनके सहकर्मियों के अनुसार, वह वीकेंड पर सागर स्थित अपने घर जाने की तैयारी में थे, किन्तु अचानक यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना घट गई।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा आवश्यक औपचारिकताएँ पूरी कीं। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद प्रकरण को मर्ग के रूप में दर्ज कर लिया है। हालांकि, अंतिम पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।