भारत लाया गया लॉरेंस का छोटा भाई अनमोल बिश्नोई, IGI से सीधा ले जाया जाएगा पटियाला हाउस कोर्ट
बाबा सिद्दीकी की हत्या का मुख्य आरोपी अनमोल

दिल्ली,एजेंसी। अमेरिका में छुपे बैठे भारत के मोस्ट वॉन्टेड क्रिमिनल अनमोल बिश्नोई को भारत लाया गया है. कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के इस छोटे भाई का प्लेन IGI एयरपोर्ट को NIA अधिकारी हिरासत में सीधा पटियाला हाउस कोर्ट ले जाने वाले हैं.अमेरिका से अनमोल को लेकर आए इस विमान में उसके साथ पंजाब के दो और वांटेड आरोपी भी भारत भेजे गए हैं. इसके अलावा 197 अवैध प्रवासियों को भी डिपोर्ट कर भेजा गया है. कुल 200 लोगों की इस लिस्ट में सबसे बड़ा नाम अनमोल बिश्नोई का है, जिसकी गिरफ्तारी और डिपोर्टेशन पर भारतीय एजेंसियां लंबे समय से काम कर रही थीं.
अनमोल बिश्नोई वह नाम है, जिसने विदेश में बैठकर भारत में कई अपराधों, सुपारी किलिंग और एक्सटॉर्शन रैकेट को ऑपरेट किया. माना जाता है कि वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सबसे एक्टिव हैंडलर था, जो विदेश में रहते हुए शूटरों को असाइनमेंट देता था, धमकी भरी चिट्ठियां जारी करता था, फंडिंग मैनेज करता था और टारगेट किलिंग को अंजाम दिलाता था. उसके खिलाफ दर्ज ज्यादातर केस फिलहाल NIA के पास हैं और उसके भारत पहुंचते ही एजेंसी उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार करेगी.
बाबा सिद्दीकी की हत्या का मुख्य आरोपी अनमोल
अनमोल बिश्नोई पर NCP नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या में शामिल होने का आरोप है. 12 अक्टूबर 2024 की रात बांद्रा में ज़ीशान सिद्दीकी के ऑफिस के बाहर बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस मामले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े कई लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि अनमोल, शुभम लोंकर और ज़ीशान मोहम्मद अख्तर को वांटेड घोषित किया गया था. मुंबई पुलिस ने इस केस में MCOCA लगाया है और अब अनमोल की भारत वापसी के बाद उसकी कस्टडी की मांग भी की जाएगी.
सलमान के घर पर भी करवाई थी फायरिंग
इसके साथ ही अनमोल बिश्नोई सलमान खान के घर गैलेक्सी अपार्टमेंट पर हुए गोलीकांड में भी वांटेड है. अप्रैल 2024 में हुई इस घटना के बाद पुलिस जांच में अनमोल की भूमिका सामने आई थी. इसके अलावा वह सिद्धू मूसेवाला हत्या में भी संदिग्ध कड़ी के रूप में सामने चुका है. NIA ने उस पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था.







