ससूर के पेट में छुरी घोपने वाला दामाद गिरफ्तार

ससूर के पेट में छुरी घोपने वाला दामाद गिरफ्तार
पत्नी को मायके से ले जाने को लेकर हुआ था विवाद
भोपाल, यशभारत। राजधानी के थाना बजरिया क्षेत्र में पत्नी को जबरन मायके से अपने साथ ले जाने के विवाद में एक दामाद ने अपने ससुर पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी सैयद परवेज (45) ने ससुर नसीर हुसैन के पेट पर धारदार छुरी से वार किया, जिससे उनकी आंत बाहर आ गई और वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल हमीदिया अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हमीदिया अस्पताल से घायल नसीर हुसैन के भर्ती होने की सूचना मिली। नसीर हुसैन ने अपने बयान में बताया कि उनके दामाद सैयद परवेज ने उन पर छुरी से हमला किया है। जिसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी सैयद परवेज को शंकराचार्य नगर में रेल की पटरियों के किनारे से हिरासत में लिया । जिसके पास से पुलिस ने हमले में इस्तेमाल की गई छुरी भी जब्त कर ली है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी सैयद परवेज अपनी पत्नी को बाग दिलकुशा स्थित अपने घर ले जाने के लिए उसके मायके आया था। पत्नी के साथ चलने से इनकार करने पर उसने विवाद शुरू कर दिया। जब ससुर नसीर हुसैन ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो गुस्साए दामाद ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।







