5 बार टेंडर जारी होने के बाद भी नहीं बन सका मोतीनाला पर बना पुल
फ्लाईओवर चालू होने के बाद हालात और गंभीर,रोजाना लगता है लंबा जाम

जबलपुर,यशभारत। गोहलपुर मोतीनाला पर बना पुल संकरा होने के कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह समस्या शहर के सबसे लंबे फ्लाईओवर (वीरांगना रानी दुर्गावती फ्लाईओवर) के चालू होने के बाद और गंभीर हो गई है, क्योंकि फ्लाईओवर से नीचे उतरने वाला ट्रैफिक इसी संकरी पुलिया पर आकर फंस जाता है।
समस्या की मुख्य वजहें
मोतीनाला पर बनी यह पुलिया पहले से ही संकरी थी, लेकिन नए फ्लाईओवर के कारण ट्रैफिक का दबाव कई गुना बढ़ गया है, जिससे रोजाना लंबा जाम लगता है। दरअसल मदन महल चौक से दमोहनाका तक बने फ्लाईओवर ने मुख्य मार्ग पर यातायात की रफ्तार बढ़ा दी है, लेकिन गोहलपुर छोर पर पुलिया संकरी होने से यह रफ्तार थम जाती है और ब्रेक लग जाता है।

समाधान के लिए नगरनिगम के प्रयास विफल
सड़क चौड़ीकरण के बाद नगर निगम ने पुलिया के चौड़ीकरण के लिए 5 बार टेंडर जारी किए हैं। लेकिन ठेकेदारों ने कोई रुचि दिखाई। इसके पीछे यह बात सामने आई कि कोई भी ठेकेदार बेस रेट से कम में टेंडर लेने के लिए तैयार नहीं हुआ है, जिसके कारण चौड़ीकरण का काम शुरू नहीं हो पाया है।
परेशान लोगो की स्थायी समाधान की मांग
परेशान स्थानीय नागरिक अब प्रशासन इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं, लेकिन निविदा प्रक्रिया में आ रही बाधाओं के कारण फिलहाल लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। जब तक पुलिया का चौड़ीकरण नहीं हो जाता, तब तक इस क्षेत्र में ट्रैफिक जाम की समस्या बनी रहेगी और लोगों की परेशानी कम नहीं होगी।







