बिहार चुनाव 2025 के पहले फेज में 14 मंत्रियों की किस्मत भी दांव पर,121 सीटों के लिए वोटिंग जारी
दोनों डिप्टी सीएम समेत कई दिग्गज चुनावी मैदान में

बिहार,एजेंसी। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में लोकतंत्र के महापर्व का आज आगाज हो गया। सुबह 7 बजे से बिहार की 121 सीटों पर वोटिंग शुरू हो गई। पहले फेज में पटना, मधेपुरा, सहरसा, दरभंगा, मुजफ्फरपुर जिलों समेत कुल 14 जिलों की सभी विधानसभा सीटों पर वोटिंग हो रही है। पहले फेज के लिए आयोग ने बूथ पर शत प्रतिशत वेबकास्टिंग, नई मतदाता सूचना पर्ची (वीआईएस) की सुविधा और ईवीएम नेट ऐप के माध्यम से मतदान रिपोर्टिंग जैसे तकनीकी नवाचारों को लागू किया है।

पहले चरण के लिए 121 सामान्य, 18 पुलिस और 33 व्यय पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए ग्रामीण इलाकों में विशेष निगरानी की व्यवस्था की गई है। निर्वाचन क्षेत्रों के लिहाज से दीघा विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 4,57,657 मतदाता हैं, जबकि बरबीघा में सबसे कम 2,31,998 मतदाता पंजीकृत हैं। क्षेत्रफल के अनुसार बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र सबसे छोटा (16.239 वर्ग किलोमीटर) और सूर्यगढ़ा सबसे बड़ा (62.247 वर्ग किलोमीटर) है।
गिरिराज सिंह और विजय सिन्हा ने किया मतदान

लखीसराय में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के मतदान किया। उन्होंने सभी लोगों से मतदान करने की अपील की। सिंह ने दावा करते हुए कहा कि हमलोग 121 में से 95 सीट जीतने जा रहे हैं। वहीं डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने भी मतदान किया। भाजपा ने उन्हें लखीसराय विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया। उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि विरोधी वोटरों को धमका रहे हैं। लेकिन, मतदाता डरने वाले नहीं हैं।
तेजस्वी ने डाला वोट
RJD नेता और महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के तहत मतदान किया। RJD नेता और महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने कहा, “हम तो यही कहेंगे कि बदलाव ज़रूरी है, नया बिहार बनाएं, नई सरकार बनाएं।”
एनडीए और महागठबंधन के बीच कांटे की टक्कर
इस चुनाव में NDA (बीजेपी-जेडीयू) और महागठबंधन (आरजेडी-कांग्रेस-वामपंथी) के बीच कांटे की टक्कर है, जबकि प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी भी तीसरा विकल्प बनकर उभरी है। इस चरण में विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के मुख्यमंत्री पद के चेहरे तेजस्वी यादव और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार एवं उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा के साथ-साथ 16 मंत्रियों की किस्मत भी दांव पर है। महुआ सीट पर तेजस्वी के बड़े भाई और जनशक्ति जनता दल के संस्थापक तेज प्रताप यादव बहुकोणीय मुकाबले में फंसे हैं। तेज प्रताप इस सीट पर राजद विधायक मुकेश रौशन को चुनौती दे रहे हैं। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) के संजय सिंह और 2020 में दूसरे स्थान पर रहीं आसमा परवीन निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर मैदान में हैं जिससे मुकाबला दिलचस्प हो गया है।

पीएम मोदी बोले- पहले मतदान, फिर जलपान
पीएम नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा कि बिहार में आज लोकतंत्र के उत्सव का पहला चरण है। विधानसभा चुनावों में इस दौर के सभी मतदाताओं से मेरा आग्रह है कि वे पूरे उत्साह के साथ मतदान करें। इस मौके पर पहली बार वोट डालने जा रहे राज्य के अपने सभी युवा साथियों को मेरी विशेष बधाई। याद रखना है- पहले मतदान, फिर जलपान!






