स्तन कैंसर जागरूकता माह,मेट्रोप्राइम अस्पताल में विराट आयोजन
स्तन कैंसर से जंग जीतने वाली महिलाओं का सम्मान

जबलपुर, यशभारत। स्तन कैंसर जागरूकता माह में बड़ेरिया मेट्रोप्राइम अस्पताल में स्तन कैंसर से जंग जीतने वाली ,अपनी इच्छाशक्ति, हिम्मत और सकारात्मक सोच के माध्यम से पूर्ण उपचार द्वारा स्वस्थ हुई महिलाओं को शॉल और श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान डॉक्टरों ने इन महिलाओं के साहस, उम्मीद और जीवन के प्रति अटूट विश्वास तथा कैंसर से लड़ने के जज़्बे को सलाम किया। उल्लेखनीय है कि विश्व में अक्टूबर माह को स्तन कैंसर जागरूकता माह के रूप में मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य लोगों को स्तन कैंसर के प्रति जागरूक करना है।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्तन स्व-परीक्षण का प्रदर्शन किया गया, जिसमें महिलाओं को यह सिखाया गया कि वे घर पर ही नियमित रूप से जांच कर प्रारंभिक लक्षणों को पहचान सकती हैं। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना और समय पर निदान के माध्यम से रोग की गंभीरता को कम करना है। इस अवसर पर डॉ. जितेन्दर परयानी, डॉ. मनोज जैन और डॉ. रजिया ने स्तन कैंसर की रोकथाम, उपचार और समय पर जांच की महत्ता पर महत्वपूर्ण विचार साझा किए। उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने उनके ज्ञानवर्धक व्याख्यानों से लाभ प्राप्त किया।उनकी हिम्मत और जीवन के प्रति उत्साह ने सभी को गहराई से प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में अस्पताल के निदेशक राजीव बडेरिया ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। यह आयोजन न केवल स्वास्थ्य जागरूकता का प्रतीक बना, बल्कि समाज में उम्मीद और हौसले का संदेश भी लेकर आया।






