देश

कटारा हिल्स आदिवासी छात्रावास में छात्रा की आत्महत्या के मामले की जांच शुरू 

कटारा हिल्स आदिवासी छात्रावास में छात्रा की आत्महत्या के मामले की जांच शुरू 
– हटाई गई वॉर्डन को बहाल करने से गर्माया मामला 
भोपाल यशभारत। राजधानी के कटारा हिल्स स्थित आदिवासी कन्या छात्रावास में 17 वर्षीय छात्रा की आत्महत्या मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने छात्रावास प्रबंधन की लापरवाही को उजागर कर दिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि इसी छात्रावास में चार महीने पहले एक छात्रा लापता हुई थी। वॉर्डन को हटाया गया था, लेकिन विभाग ने कुछ ही दिनों में चुपचाप उसी वॉर्डन को फिर से पदस्थ कर दिया था। अब एक और छात्रा की मौत ने अफसरों की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस के अनुसार, मृतक छात्रा बालाघाट जिले की रहने वाली थी और 11वीं कक्षा की छात्रा थी। छात्रावास के कमरे में उसका शव फंदे पर लटका मिला। साथी छात्राओं ने तुरंत स्टाफ को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है। जुलाई में इसी छात्रावास से एक छात्रा लापता हुई थी। उस समय जांच में प्रबंधन की लापरवाही सामने आई थी, जिसके बाद 9 जून को वॉर्डन को हटाने का आदेश जारी किया गया था। बावजूद इसके एक महीने बाद ही संबंधित वॉर्डन को फिर से उसी छात्रावास में पदस्थ कर दिया गया। आदिवासी विकास विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच के लिए टीम गठित की जा रही है। मृतक छात्रा के परिजनों को सूचना दे दी गई है। वहीं छात्रावास की छात्राओं में भय और आक्रोश का माहौल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button