डीजीपी मकवाना को एक साल का सेवा विस्तार, अब दिसंबर 2026 तक रहेंगे पद पर

डीजीपी मकवाना को एक साल का सेवा विस्तार, अब दिसंबर 2026 तक रहेंगे पद पर
सुप्रीम कोर्ट की ‘दो साल के कार्यकाल’ की गाइडलाइन का मिला लाभ; गृह विभाग ने जारी किए आदेश
भोपाल, यशभारत। मध्य प्रदेश पुलिस के मुखिया डीजीपी कैलाश मकवाना अब एक साल अतिरिक्त सेवा देंगे। सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन का हवाला देते हुए गृह विभाग ने उनके कार्यकाल को 1 दिसंबर 2026 तक के लिए बढ़ा दिया है। इस फैसले के बाद, डीजीपी मकवाना का 1 दिसंबर 2025 को होने वाला मूल रिटायरमेंट खत्म हो गया है, और वे डीजीपी के तौर पर अपना पूरा दो साल का कार्यकाल पूरा करेंगे।
सर्वोच्च न्यायालय के आदेश का मिला सहारा
गृह विभाग के अपर सचिव आशीष भार्गव ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह निर्णय सर्वोच्च न्यायालय में दायर याचिका सिविल क्रमांक 310/1996 में दिए गए निर्देशों पर आधारित है।
मौजूदा कार्यकाल की शुरुआत: 1 दिसंबर 2024 (23 नवंबर 2024 को आदेश जारी हुए थे)।
सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन: डीजीपी का कार्यकाल नियुक्ति की तारीख से 2 साल का होना अनिवार्य है।
नई रिटायरमेंट तिथि: 1 दिसंबर 2026
इस प्रावधान के चलते, डीजीपी मकवाना अपनी 60 वर्ष की आयु पूरी करने के बावजूद, अपने पद की अवधि को पूरा करते हुए 1 दिसंबर 2026 को सेवानिवृत्त होंगे।
इस वर्ष 17 आईपीएस होने हैं रिटायर
गृह विभाग के आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि इस वर्ष मध्य प्रदेश में 60 साल की उम्र पूरी करने वाले 17 आईपीएस अधिकारी रिटायर होने हैं। डीजीपी कैलाश मकवाना का नाम इन 17 अधिकारियों में 16वें स्थान पर था। सेवा विस्तार मिलने से राज्य पुलिस को नेतृत्व में स्थिरता मिलेगी।







