मध्य प्रदेशराज्य

रीवा एयरपोर्ट से ATR-72 एयरक्राफ्ट का ट्रायल शुरू आज : रीवा के लाल पायलट राघव मिश्रा भरेंगे उड़ान

रीवा lविंध्य वासियों का लंबा इंतजार आज यानि मंगलवार को समाप्त हो जाएगा l एक के बाद एक नई और बड़ी उपलब्धि हासिल कर रहे विंध्य को एक और बड़ी सौगात मिलने वाली है. रीवा एयरपोर्ट से ATR-72 एयरक्राफ्ट का ट्रायल शुरू होने जा रहा है. इसमें सबसे बड़ी और खास बात यह की इस एयरक्राफ्ट का पायलट कोई और नहीं बल्कि रीवा के लाल राघव मिश्रा होंगे. विंध्यवासी इस गौरवान्वित पल के साक्षी बनेंगे. साल 2024 में शुरु हुए रीवा एयरपोर्ट से 9 सीटर विमान ने पहली उड़ान भरी थी. इसके बाद 19 सीटर विमान का संचालन शुरू हुआ. कुछ घंटों के बाद ATR 72 विमान आसमान में अपनी उंची उड़ान भरेगाl

बताया गया कि मंगलवार को ATR-72 एयरक्राफ्ट दोपहर 12 बजे जबलपुर से उड़ान भरकर रीवा एयरपोर्ट आएगा. इसके बाद दोपहर तकरीबन 1:30 पर एयरक्राफ्ट का रीवा एयरपोर्ट स्थित रनवे से ट्रायल होगा. पैसेंजर को लेकर वापस जबलपुर एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरेगा. रीवा एयरपोर्ट से ATR-72 विमान का संचालन होना बड़ी उपलब्धी माना जा रहा है. इस विमान के शुरू होने से रीवा ही नहीं विंध्य को नई कनेक्टिविटी मिलेगी. जिससे विंध्यवासियों का सफर भी आसान होगाl

ATR 72- एयरक्राफ्ट का पायलट कोई और नहीं बल्कि रीवा के ही लाल राघव मिश्रा होंगे. पायलट राघव मिश्रा के छोटे भाई उदित नारायण मिश्रा ने ईटीवी भारत को जानकारी देते हुए बताया की “मंगलवार से ATR-72 विमान का संचालन शुरू होने जा रहा है. जिसके पायलट उनके बड़े भाई राघव मिश्रा होंगे. मंगलवार की दोपहर जबलपुर से उड़कर तकरीबन 12 बजे ट्रायल के लिए एयरक्राफ्ट रीवा एयरपोर्ट पर लैंड करेगा. इसके बाद दोपहर लगभग 1:30 बजे वापस जबलपुर एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरेगा.”

उदित नारायण मिश्रा ने बताया कि, “प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त होते ही 1 नवंबर 2025 से ATR-72 विमान का संचालन रीवा एयरपोर्ट से लगातार होना शुरू हो जाएगा. जो सप्ताह में 3 दिन रीवा एयरपोर्ट से जबलपुर एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरेगा. उन्होंने कहा विंध्य को बड़ी उपलब्धि मिलने जा रही है. पहला तो रीवा एयरपोर्ट से 72 सीटर एयरक्राफ्ट का संचालन और दूसरा इस एयरक्राफ्ट के पायलट उनके बड़े भाई राघव मिश्रा होंगे.

पायलट राघव मिश्रा दो दिन पहले बिलासपुर में थे. वहां से वे जबलपुर आएंगे. इसके बाद ATR-72 एयरक्राफ्ट से उड़ान भरकर रीवा एयरपोर्ट आएंगे. उनके को-पायलेट क्षितिज गुप्ता होंगे. अगर बात की जाए रीवा के लाल 40 वर्षीय पायलट राघव मिश्रा की तो, वे पुस्तैनी उत्तर प्रदेश स्थित कन्नौज के निवासी हैं. जबकि वर्तमान में उनका परिवार मध्य प्रदेश के रीवा स्थित इंदिरा नगर में निवासरत है.

राघव ने प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा रीवा के ज्योति स्कूल से हासिल की. इसके बाद बैंगलुरु से एयरोस्पेस एयरोनॉटिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की थी. फिर वर्ष 2014 में राघव ने जॉर्डन में ट्रेनिंग ली. इसी दौरान पहली बार उन्होंने आसमान में उड़ान भरी और पायलट बनने के बाद एयर इण्डिया में अपनी सेवाएं दी.

राघव मिश्रा के पिता रवि नारायण मिश्रा गुजरात के पाटन से चीफ इंजीनियर के पद से रिटायर्ड हुए हैं. जबकि माता चंद्रप्रभा मिश्रा शासकीय सेवा से रिटायर्ड हुई हैं. जबकि बहन संजय गांधी अस्पताल में प्रशासनिक सेवाएं दे रहीं हैं. ATR 72 एयरक्राफ्ट के पायलट राघव मिश्रा और उनके छोटे भाई ने मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला का आभार व्यक्त किया हैं.

साल 2024 से पहले रीवा एयरपोर्ट की जगह हवाई पट्टी हुआ करती थी. जिसमें हेलीकॉप्टर और छोटे विमान ही उतरते थे. बीते वर्ष 15 फरवरी 2023 को इसका भूमि पूजन किया गया. तब तत्कलीन सीएम शिवराज सिंह चौहान व तत्कालीन केंद्रिय उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया व मध्य प्रदेश शासन के मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने इसका भूमि पूजन किया था. इसके बाद विस्तार करते हुए नवीन एयरपोर्ट का निर्माण कार्य शुरू हुआ और लगभग 20 महीने में रीवा का भव्य एयरपोर्ट बनकर तैयार हुआ.

500 करोड़ की लागत से बने रीवा एयरपोर्ट का 20 अक्टूबर 2024 को पीएम मोदी ने वर्चुअली लोकार्पण किया था. पहले दिन इस एयरपोर्ट से 9 सीटर वीमान ने उड़ान भरी थी. इसके बाद इसकी यात्री क्षमता बढ़ाकर 19 सीटर वीमान किया गया, लेकिन मंगलवार से 72 सीटर विमान रीवा एयरपोर्ट से उड़ान भरना शुरू कर देगाl

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button