यशभारत बिग ब्रेकिंग: चलती ट्रेन में यात्री पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला*
युवक सतना से पेशी कर लौट रहा था नर्मदापुरम,धनबाद-उधना ट्रेन में घटी वारदात

*यशभारत बिग ब्रेकिंग*
जबलपुर यशभारत।धनबाद से चलकर उधना जाने वाली गाड़ी संख्या 09040 के एस/4 में उस वक्त सनसनी फैल गई जब नर्मदा पुरम निवासी सतना से पेशी करने के बाद में वापस अपने घर जा रहा था। रेलवे सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक हमला करने वाला व्यक्ति उसका करीबी रिश्तेदार लगता है। हमले में गंभीर रूप से घायल यात्री को जबलपुर स्टेशन पर उतारकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि घायल युवक 31 वर्षीय शैलेन्द्र हांडियां नर्मदापुरम जिले का रहने वाला है और वह सतना से पेशी कर वापस अपने घर लौट रहा था।जानकारी के अनुसार घटना ट्रेन के जबलपुर पहुंचने से कुछ देर पहले की है।

सूत्रों के अनुसार एक अज्ञात युवक ने चलते कोच में युवक के साथ विवाद के बाद चाकू निकाल कर उस पर लगातार वार कर दिए। हमला होते ही ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई। अन्य यात्री शोर मचाने लगे जिसके बाद हमलावर मौके से कूदकर फरार हो गए।घायल युवक खून से लथपथ हालत में सीट पर गिर पड़ा। घटना की सूचना तुरंत जीआरपी और आरपीएफ को दी गई। जबलपुर स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचते ही पुलिस ने घायल को उतारकर एम्बुलेंस से मेडिकल अस्पताल भेजा, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के जरिए उनकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। सूत्रों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश या किसी आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। फिलहाल घायल का बयान दर्ज किया जा रहा है और आरोपियों की तलाश में टीम गठित कर दी गई है।यह वारदात एक बार फिर ट्रेन यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर रही है।







