मुख्यमंत्री निवास पर भाईदूज का भव्य आयोजन: लाड़ली बहनों को 1500 की सौगात

मुख्यमंत्री निवास पर भाईदूज का भव्य आयोजन: लाड़ली बहनों को 1500 की सौगात
भोपाल, यशभारत। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निवास पर आज भाईदूज का पर्व अत्यंत धूमधाम और भव्यता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर प्रदेशभर से आईं ‘लाड़ली बहनों’ ने सहभागिता की। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर सभी लाड़ली बहनों को भाईदूज की शुभकामनाएं दीं और उनके सशक्तिकरण के लिए सरकार के संकल्प को दोहराया।
लाड़ली बहना योजना की राशि ₹1500 हुई
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस पावन पर्व पर लाड़ली बहनों को बड़ी सौगात देते हुए घोषणा की कि लाड़ली बहना योजना के तहत मिलने वाली मासिक सहायता राशि ₹1250 से बढ़ाकर ₹1500 प्रति माह की जा रही है। यह बढ़ी हुई राशि अगले महीने से लागू होगी।
उन्होंने बताया कि अब तक इस योजना का लाभ 1 करोड़ 27 लाख लाड़ली बहनों को मिल चुका है, और उनके खातों में सीधे ₹44,917.92 करोड़ रुपए की राशि पहुंचाई जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार महिलाओं को ‘माता लक्ष्मी, सरस्वती और जगदंबा’ का स्वरूप मानती है और उन्हें ताकत देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
त्योहार अब शासन स्तर पर
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि दीपावली, रक्षाबंधन और गोवर्धन पूजा के बाद अब भाईदूज पर्व भी शासन स्तर पर मनाया जाएगा, जो भाई-बहन के प्रेम के इस प्रतीक को और अधिक महत्व प्रदान करेगा।
महिला सशक्तिकरण और राजनीति में भागीदारी
डॉ. यादव ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रेडीमेड गारमेंट्स में काम करने वाली महिलाओं को ₹5000 प्रतिमाह की सहायता दी जा रही है। साथ ही, उद्योग स्थापित करने वाली महिलाओं को आरक्षण और विशेष सब्सिडी का लाभ दिया जा रहा है।
राजनीति में महिलाओं की भागीदारी पर उन्होंने कहा कि 33% आरक्षण से उनकी भूमिका और मजबूत होगी, और 2029 तक मंच पर महिलाओं की संख्या और बढ़ेगी।
कांग्रेस पर निशाना
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विपक्षी दल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की जुबान पर लकवा मार जाना चाहिए, और वह अब राजनीति करने लायक नहीं रही। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस 20 साल से सत्ता से बाहर है और अगले 50 साल तक भी बाहर रहेगी।
मुख्यमंत्री ने अंत में कहा कि वे बहुत भाग्यशाली हैं कि उन्हें इतनी बहनों का भाई होने का सौभाग्य मिला है, और मुख्यमंत्री निवास पर बहनों के आने से भाईदूज की शोभा और बढ़ गई है।







