इंदौर एयरपोर्ट पर हुई फ्लाइट इमरजेंसी लैंडिंग
दिल्ली-इंदौर फ्लाइट के इंजन में आई खराबी

इंदौर। इंदौर एयरपोर्ट पर आज सुबह एक बड़ा विमान हादसा टल गया। 161 यात्रियों से भरे दिल्ली से इंदौर आ रहे एयर इंडिया के विमान के इंजन में इंदौर पहुंचते-पहुंचते तकनीकी खराबी आ गई। इस खराबी की भनक लगते ही पायलट ने कंट्रोल रूम को सूचना दी और इसके बाद विमान की इंदौर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान की इमरजेंसी लैंडिंग की खबर जब विमान में बैठे यात्रियों को लगी तो उनमें हडक़ंप मच गया और एयरपोर्ट पर पहुंचे उनके परिजन भी घबरा गए। लैंडिंग से पहले पायलट को इंजन में तकनीकी खराबी नजर आई थी, जिसके बाद उसने एटीसी को इसकी जानकारी दी और इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान में 161 यात्री सवार थे। फायर बिग्रेड और एंबुलेंस रनवे पर तैनात थे।
जानकारी के मुताबिक दिल्ली से इंदौर आ रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान संख्या आईएक्स-1028 के पायलट को लैंडिंग से पहले इंजन में तकनीकी खराबी की सूचना मिली। इसके बाद शुक्रवार सुबह सुरक्षा के तहत इंदौर एयरपोर्ट पर विमान की आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी। विमान में कुल 161 यात्री सवार थे। एटीसी कंट्रोल से सूचना मिलते ही एयरपोर्ट पर फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस और सीआईएसएफ की टीमें तैनात कर दी गईं।







