MPCA में सिंधिया परिवार की धमक, ज्योतिरादित्य सिंधिया के बेटे महानआर्यमन निर्विरोध निर्वाचित

इंदौर, यशभारत । केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के पुत्र महान आर्यमन सिंधिया मंगलवार को मध्य प्रदेश क्रिकेट संगठन के नए अध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित हो गए।
29 साल के महान आर्यमन मध्य प्रदेश क्रिकेट संगठन के 68 साल के इतिहास में सबसे युवा अध्यक्ष हैं। उन्होंने कहा कि मैं मध्य प्रदेश क्रिकेट संगठन के सभी सदस्यों को धन्यवाद देता हूं जिन्होंने इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए मुझ पर भरोसा जताया। मध्य प्रदेश क्रिकेट संगठन की पिछली कार्यकारिणी ने भी बहुत अच्छा कार्य किया और मेरा प्रयास होगा कि उन्हीं कार्यों को आगे ले जाते हुए मध्य प्रदेश क्रिकेट संगठन को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा हूं। निर्विरोध निर्वाचन पर उन्होंने कहा कि यह इस बात का प्रमाण है कि मध्य प्रदेश क्रिकेट संगठन एक परिवार है। भविष्य की योजनाओं को लेकर उन्होंने कहा कि ग्रामीण स्तर पर क्रिकेट को बढ़ावा देना और महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए उचित अवसर उपलब्ध कराना मेरी प्राथमिकता होगी।देश में सबसे युवा प्रदेश क्रिकेट संगठन अध्यक्ष वर्तमान केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर रहे हैं, जो 26 वर्ष की उम्र में हिमाचल प्रदेश क्रिकेट संघ के अध्यक्ष बने थे। संभवत: महानआर्यमन वर्तमान में देश के सबसे युवा प्रदेश क्रिकेट अध्यक्ष होंगे। गोवा के वर्तमान अध्यक्ष विपुल फड़के फिलहाल 32 वर्ष के हैं। अब तक एमपीसीए के सबसे युवा अध्यक्ष का रिकार्ड ज्योतिरादित्य सिंधिया के नाम था, जो 35 वर्ष की आयु में अध्यक्ष बने थे।








