हीरा स्वीट्स का पंजीयन निलंबित, गंदगी मिलने पर बिक्री पर रोक

जबलपुर। रक्षाबंधन के त्यौहार को देखते हुए कलेक्टर दीपक सक्सेना के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने शहर में मिठाई की दुकानों पर सघन निरीक्षण अभियान चलाया है। इसी कड़ी में गुरुवार को भरतीपुर स्थित हीरा स्वीट्स पर बड़ी कार्रवाई की गई। निरीक्षण के दौरान दुकान में भारी गंदगी और अस्वास्थ्यकर परिस्थितियां पाई गईं, जिसके चलते प्रतिष्ठान का पंजीयन तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी देवेंद्र कुमार दुबे ने 7 अगस्त को हीरा स्वीट्स का निरीक्षण किया था। उन्होंने अपनी रिपोर्ट में बताया कि दुकान में खाद्य पदार्थों का निर्माण अस्वच्छ माहौल में किया जा रहा था, जो खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के नियमों का सीधा उल्लंघन है। इसके अलावा, प्रतिष्ठान के पास जरूरी दस्तावेज भी नहीं मिले।
अभिहित अधिकारी डॉ. संजय मिश्रा ने निरीक्षण रिपोर्ट और मौके पर बनाए गए वीडियो की समीक्षा के बाद यह कार्रवाई की। उन्होंने लोक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए प्रतिष्ठान के लाइसेंस नंबर 11422170000374 को निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान हीरा स्वीट्स में किसी भी तरह की खाद्य सामग्री की बिक्री प्रतिबंधित रहेगी।
इस कार्रवाई के साथ-साथ जिले में आठ अन्य प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया गया, जहां से 15 मिठाइयों के नमूने जांच के लिए भोपाल की राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं। यदि ये नमूने अमानक पाए जाते हैं, तो संबंधित दुकानदारों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह कार्रवाई त्यौहारों के दौरान खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने और लोगों को दूषित मिठाइयों से बचाने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है।







