सोमवार से बैठेंगे एसीएस चैम्बर में -नीरज मंडलोई वास्तु का कार्य हुआ पूरा

सोमवार से बैठेंगे एसीएस चैम्बर में
-नीरज मंडलोई वास्तु का कार्य हुआ पूरा
भोपाल, यशभारत । मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री सचिवालय में पदभार ग्रहण करने वाले आईएएस नीरज मंडलोई को हाल ही में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। वे नई जिम्मेदारी मिलने के बाद से वे अब तक अपने नए कार्यालय में नहीं बैठे हैं। सूत्रों के अनुसार, इसके पीछे वास्तु दोष को प्रमुख कारण माना जा रहा है। उन्हें प्रभार लिए हुए एक सप्ताह होने जा रहा है। हालांकि, नीरज मंडलोई ने पदभार तो ग्रहण कर लिया, लेकिन सचिवालय के कक्ष में बैठने से परहेज किया। उन्होंने मंत्रालय में अपने कार्यालय कक्ष का वास्तु अनुरूप परिवर्तन कार्य करवाया, जो अब पूर्ण हो चुका है। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, नीरज मंडलोई ने स्थायी बैठने से पहले वास्तु विशेषज्ञों से सलाह ली और उनके सुझावों के आधार पर कक्ष में आवश्यक बदलाव कराए। कुर्सी की दिशा, प्रवेश द्वार की स्थिति, और प्रकाश व्यवस्था आदि को वास्तु के अनुसार ठीक किया गया है। अब वे सोमवार से नए सिरे से अपने कक्ष में बैठना शुरू करेंगे। विशेषज्ञों का मानना है कि जिस प्रकार इस संवेदनशील प्रशासनिक पद पर बार-बार बदलाव हुए हैं, उससे अधिकारियों में एक प्रकार की अनिश्चितता बनी हुई है। वस्तु दोष भी एक प्रमुख कारण माना जाता है। ऐसे में वास्तु दोष को दूर कर मनोवैज्ञानिक तौर पर आश्वस्त होने लिए अपने चैंबर की बैठक में कुछ आंशिक बदलाव किया है। सूत्र बताते हैं कि इस बदलाव के बाद से अब वह पूरी तरह से आश्वस्त हैं कि अब उनका जल्द तबादला नहीं होगा। अब देखना यह होगा कि नीरज मंडलोई का कार्यकाल कितना स्थिर और प्रभावशाली रहता है।







