आरडीयू का मामलाः मैथ्यस के अतिथि प्रोफेसर ने विभागाध्यक्ष की कॉलर पकड़ी
कुलपति ने जारी किया नोटिस, तीन दिन में अतिथि शिक्षक को देना होगा जवाब

जबलपुर यशभारत। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय (आरडीयू) में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां गणित विभाग के एक गेस्ट फैकल्टी, डॉ. धीरेन्द्र कुमार मौर्या ने अपने ही विभाग के विभागाध्यक्ष और प्रोफेसर जेके मैत्रा पर मारपीट और अभद्रता के गंभीर आरोप लगाए हैं। सोमवार को हुई इस घटना के बाद डॉ. मौर्या ने विश्वविद्यालय के कुलगुरु को लिखित शिकायत सौंपी है, जिसके बाद कुलगुरु ने दोनों पक्षों को तलब किया है। अतिथि प्रोफेसर को दिए गए नोटिस का समय तीन दिन दिया गया है।
क्या है पूरा मामला?
डॉ. धीरेन्द्र कुमार मौर्या ने बताया कि वह 2019 से गणित विभाग में गेस्ट फैकल्टी के तौर पर कार्यरत हैं। हाल ही में बीटेक प्रथम सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम तैयार किया गया था, जिसे कंप्यूटर सेंटर से दोबारा जांच के लिए भेजा गया था। नियमानुसार, इसे विभागीय सदस्यों द्वारा जांचा जाना था। डॉ. मौर्या का आरोप है कि विभागाध्यक्ष प्रोफेसर जेके मैत्रा ने बिना किसी विभागीय चर्चा या किसी सदस्य के हस्ताक्षर के स्वयं ही परिणाम पर हस्ताक्षर कर उसे ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करवा दिया। इस बात की जानकारी डॉ. मौर्या को छात्रों से मिली।
मारपीट और अभद्रता के आरोप
डॉ. मौर्या के अनुसार, जब उन्हें इस बात का पता चला, तो प्रोफेसर मैत्रा ने अचानक उन्हें काउंसलिंग ड्यूटी के बीच फोन कर बुलाया और उनके साथ अभद्रता करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस घटना से आहत डॉ. मौर्या ने तत्काल कुलगुरु से संपर्क कर उन्हें लिखित शिकायत दी है।
कुलगुरु ने बुलाई बैठक
शिकायत मिलने के बाद कुलगुरु ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मंगलवार को दोनों पक्षों – डॉ. धीरेन्द्र कुमार मौर्या और प्रोफेसर जेके मैत्रा – को सुनने के लिए तलब किया है। इस घटना ने विश्वविद्यालय परिसर में हड़कंप मचा दिया है और सभी की निगाहें कुलगुरु के फैसले पर टिकी हैं। यह देखना होगा कि जांच के बाद इस मामले में क्या कार्रवाई की जाती है।
इनका कहना है
मारपीट का मामला सामने आया है जिसमें जांच कराई जा रही है फिर इसके बाद कार्रवाई होगी। अतिथि शिक्षक को नोटिस जारी किया गया है।
प्रो राजेश कुमार वर्मा, कुलपति आरडीयू







