फर्जी कृषकों की सूची बना किया 30.39 लाख का गबन

जबलपुर। विकास खण्ड मेहंदवानी जिला डिण्डौरी के उप संचालक, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी एवं अन्य के खिलाफ पद का दुरुपयोग कर शासन से प्राप्त होने वाले चना एवं मसूर के बीजों की राशि 30,39,575 का गबन करने पर ईओडब्ल्यू ने प्रकरण दर्ज कर लिया है। ये फर्जीवाड़ा कृषकों की फर्जी सूची बनाकर किया गया हैं।
जानकारी के मुताबिक आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ में की गई शिकायत में आरोप लगाया गया था कि वर्ष 2021-22 में जिला डिण्डौरी के विकास खण्ड मेहंदवानी में टारगेटिंग राइस फॉलो एरिया (टीआरएफए) योजना अंतर्गत चना एवं मसूर बीज वितरण में किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग डिण्डौरी के संबंधित अधिकारी, कर्मचारी द्वारा भ्रष्टाचार किया जा रहा है। उक्त शिकायत की जांच ईओडब्ल्यू जबलपुर, द्वारा की गई। जांच पर पाया कि वर्ष 2021-22 में जिला डिण्डौरी के 07 विकास खण्डों में टारगेटिंग राइस फॉलो एरिया (टीआरएफए) योजना अंतर्गत चना एवं मसूर बीज वितरण किया गया था। तत्समय उप संचालक कृषि डिण्डौरी अश्विनी झारिया थे। विकास खण्ड मेहंदवानी जिला डिण्डौरी में तत्कालीन वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी हेमंत मरावी द्वारा कुल 728 कृषकों को 546 क्विंटल चना बीज वितरित किया गया था जबकि 728 कृषकों के अतिरिक्त 372 कृषकों की फर्जी सूची बनाकर 276.75 क्विंटल चना बीज का वितरण दर्शाया था तथा फर्जी सूची तैयार की थी साथ ही 305 कृषकों को 121.5 क्विंटल मसूर बीज वितरित किया था जबकि 295 कृषकों की सूची फर्जी तैयार कर 118 क्विंटल मसूर बीज का फर्जी वितरण दर्शाया था। स्टॉक रजिस्टर के अध्ययन से यह स्पष्ट है कि 276.75 क्विंटल चना बीज, 118 क्विंटल मसूर बीज विकास खण्ड मेहंदवानी वरिष्ठ कृषि अधिकारी के कार्यालय में आया ही नहीं, तात्कालीन उप संचालक कृषि अश्विनी झारिया व शाखा प्रभारी इंदर लाल गौरिया (सेवा निवृत्त) के कहने पर फर्जी कृषकों की सूची तैयार कर वितरण करा दिया गया। कुल राशि रूपये 30,39,575 का गबन पाया गया।
ये बने आरोपी
मामले की जांच के बाद मामले में ईओडब्ल्यू जबलपुर ने प्रकरण दर्ज कर अश्विनी झारिया, तत्कालीन उप संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विभाग, जिला डिण्डौरी, इंदर लाल गौरिया, तत्कालीन शाखा प्रभारी (सेवा निवृत्त), किसान कल्याण एवं कृषि विभाग, जिला डिण्डौरी , हेमंत मरावी, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, विकास खण्ड मेहंदवानी, जिला डिण्डौरी को अरोपी बनाया है।







