नर्सिंग छात्रों ने मेडिकल साइंस यूनिवर्सिटी में किया घेराव, परीक्षा नहीं होने को लेकर किया प्रदर्शन

जबलपुर, यशभारत। मेडिकल साइंस यूनिवर्सिटी जबलपुर में नर्सिंग छा़त्रों ने परीक्षा नहीं होने को लेकर घेराव करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। छात्र परीक्षा नहीं होने को लेकर नाराज थे उनका कहना था कि समय पर परीक्षा नहीं होने से उनका भविष्य बर्बाद हो रहा है।
मेडिकल यूनिवर्सिटी जबलपुर, मध्य प्रदेश नर्सेज रजिस्ट्रेशन काउंसिल भोपाल ने मध्य प्रदेश में 2019-20,2020-21,2021-22 व 2022-23 सत्र में नर्सिंग कॉलेजो को मान्यता दी थी और मेडिकल यूनिवर्सिटी नर्सिंग काउंसिल भोपाल की मान्यता देखकर स्टूडेंट्स ने एडमिशन लिया था और अब मान्यता मिलने के लगभग 3 साल बाद माननीय हाई कोर्ट में फर्जीवाड़े का केस लगाया गया और हाई कोर्ट के आदेश के बाद हुई सीबीआई जांच के कारण वर्तमान में कई कालेज संचालन के पात्र पाए गए जबकि कई कालेजों में कमियां पाई गई। बहुत से कालेज ऐसे हैं जो सुप्रीम कोर्ट का आदेश लाकर जांच से बचे हुए हैं लेकिन जिन सत्रों में इन कालेजों में स्टूडेंट्स ने एडमिशन लिया था तब ये सभी कालेज मध्य प्रदेश सरकार और नर्सिंग काउंसिल भोपाल और मेडिकल यूनिवर्सिटी जबलपुर से मान्यता प्राप्त थे, इसलिए स्टूडेंट्स की तो कोई गलती नहीं है, मेडिकल यूनिवर्सिटी द्वारा जब भी एग्जाम का टाइम टेबल घोषित किया जाए तो सभी कालेजों के स्टूडेंट्स के एग्जाम लिए जाए। अधिकारियों की गलती का खामियाजा स्टूडेंट्स को भुगतना पड़ रहा है, स्टूडेंट्स का भविष्य बर्बाद हो गया है, इसलिए स्टूडेंट्स के हितों को ध्यान में रखकर तत्काल उचित कार्यवाही की जाए।
इन मांगों को लेकर घेरा विवि
– मेडिकल यूनिवर्सिटी जबलपुर, मध्य प्रदेश सरकार व नर्सिंग काउंसिल भोपाल से मान्यता प्राप्त सभी कालेजों के 2020-21 सत्र के हजारों बीएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक नर्सिंग, एमएससी नर्सिंग स्टूडेन्ट को पढ़ाई करते हुए साढ़े तीन वर्ष हो गये है लेकिन इनकी प्रथम वर्ष की परीक्षा भी नहीं हुई है इसलिए जल्द परीक्षा करवाई जाए और सत्र समय पर पूरा किया जाए और इन्हें प्रथम वर्ष का जनरल प्रमोशन दिया जाए ।
– 2021-22 सत्र के बीएससी नर्सिंग पोस्ट बेसिक नर्सिंग एमएससी नर्सिंग स्टूडेन्ट को पढ़ाई करते हुए दो वर्ष हो गये है इनके एनरोलमेन्ट करवाकर इनकी प्रथम वर्ष व द्वितीय वर्ष की परीक्षा जल्द ली जाएं
– 2022-23 सत्र के बीएससी नर्सिंग पोस्ट बेसिक नर्सिंग, एमएससी नर्सिंग स्टूडेन्ट के भी एनरोलमेन्ट करवाकर इनकी प्रथम वर्ष की परीक्षा जल्द ली जाएं क्योंकि इनको भी पढ़ाई करते हुए एक साल पूरा हो चुका है।






