मध्य प्रदेशराज्य

8 मई से मोतीनगर नए बस स्टैंड से दौड़ेंगी भोपाल की बसें; यह बस स्टैंड होगा पूरी तरह बंद….

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और पुराने क्षेत्रों में बढ़ते दबाव को कम करने के लिए जिला प्रशासन ने एक बड़ा निर्णय लिया है। आगामी शुक्रवार, 8 मई से भोपाल की ओर जाने वाली सभी बसें अब मोतीनगर स्थित नए बस स्टैंड से संचालित होंगी। इसी के साथ सालों पुराने राहतगढ़ बस स्टैंड को पूर्ण रूप से बंद करने का फैसला लिया गया है।

कलेक्टर के निर्देशन में बस ऑपरेटरों के साथ बनी सहमति

यह महत्वपूर्ण निर्णय कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देशन में आयोजित जिला प्रशासन और बस ऑपरेटर संघ की संयुक्त बैठक में लिया गया। बैठक में नगर निगम कमिश्नर राजकुमार खत्री, अपर कलेक्टर अविनाश रावत, सिटी मजिस्ट्रेट गगन बिसेन और क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी मनोज तिगुरिया सहित प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। बैठक में बस ऑपरेटर संघ की ओर से अध्यक्ष संतोष पांडे और अतुल दुबे सहित अन्य संचालकों ने सर्वसम्मति से इस नए परिवहन बदलाव पर अपनी सहमति जताई।

नए बस स्टैंड पर मिलेंगी मूलभूत सुविधाएं और सुरक्षा

प्रशासन ने बस ऑपरेटरों की मांग पर मोतीनगर नए बस स्टैंड पर यात्रियों और स्टॉफ के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया है। नगर निगम के माध्यम से परिसर में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। सुरक्षा के लिहाज से बस स्टैंड पर एक अस्थायी पुलिस चौकी भी स्थापित की जाएगी। साथ ही, पूरे परिसर की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और यातायात व जिला पुलिस के आरक्षकों की वहां तैनाती रहेगी।

यातायात का दबाव कम करने की कवायद

शहर के व्यस्ततम इलाकों में शामिल राहतगढ़ बस स्टैंड पर बढ़ते यातायात के दबाव और आए दिन लगने वाले जाम को देखते हुए इसे बंद करने का निर्णय लिया गया है। अब राहतगढ़ बस स्टेशन से चलने वाली सभी बसें मोतीनगर के नए बस स्टैंड से ही संचालित होंगी। भोपाल मार्ग की बसें अपने निर्धारित समय पर नए बस स्टैंड पर पहुंचेंगी और वहां से सवारियां लेकर आगे के लिए रवाना होंगी। इस बदलाव से शहर के मुख्य मार्गों पर भारी वाहनों का दबाव कम होने की उम्मीद है।

बैठक के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ बस ऑपरेटर संघ के प्रमुख पदाधिकारी और कई बस संचालक उपस्थित रहे, जिन्होंने शहर हित में लिए गए इस निर्णय का समर्थन किया। प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि 8 मई से भोपाल यात्रा के लिए नए बस स्टैंड की व्यवस्थाओं का उपयोग करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button