7 साल के इशांक ने रचा इतिहास: 29 किमी समुद्र तैरकर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
जबलपुर, यश भारत

7 साल के इशांक ने रचा इतिहास: 29 किमी समुद्र तैरकर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
जबलपुर, यश भारत। रांची के 7 वर्षीय नन्हे तैराक इशांक सिंह ने ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जिसने पूरे देश का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। इशांक ने श्रीलंका के तलाईमन्नार से भारत के धनुषकोड़ी तक लगभग 29 किलोमीटर लंबे खतरनाक पाक जलडमरूमध्य को तैरकर पार कर विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।इशांक ने यह दूरी महज 9 घंटे 50 मिनट में पूरी की, जिससे वे इस रूट को पार करने वाले दुनिया के सबसे कम उम्र और सबसे तेज तैराक बन गए हैं। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए उन्हें ‘यूनिवर्सल रिकॉर्ड्स फोरम’ द्वारा ‘यंगेस्ट एंड फास्टेस्ट पाक स्ट्रेट स्विमर’ का प्रमाणपत्र दिया गया है।
इससे पहले यह रिकॉर्ड तमिलनाडु के जय जसवंत के नाम था, जिन्होंने 2019 में 10 वर्ष की उम्र में यह दूरी 10 घंटे 30 मिनट में पूरी की थी।रांची के धुर्वा निवासी इशांक, जवाहर विद्या मंदिर (जेवीएम श्यामली) में कक्षा तीन के छात्र हैं। उन्होंने इस चुनौतीपूर्ण लक्ष्य को हासिल करने के लिए धुर्वा डैम में रोजाना 4-5 घंटे कड़ी ट्रेनिंग की। उनके कोच अमन जायसवाल और बजरंग कुमार के मार्गदर्शन में उन्होंने विशेष अभ्यास कर यह मुकाम हासिल किया।इशांक की इस उपलब्धि पर रांची के सांसद और केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने भी बधाई दी। उन्होंने कहा, “रांची के नन्हे लाल का कमाल! इशांक सिंह ने 29 किमी लंबे पाक स्ट्रेट को पार कर विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।”इतनी कम उम्र में समुद्र जैसी कठिन चुनौती को पार करना इशांक के अद्भुत साहस, अनुशासन और समर्पण को दर्शाता है। उनकी इस उपलब्धि ने न सिर्फ झारखंड बल्कि पूरे भारत को गौरवान्वित किया है।







