जबलपुरमध्य प्रदेश

Yash bharat follow up – जमतरा मामले में 6 सेकेंड का वीडियो सामने: मौत से पहले नदी में तैरता दिखा युवक, किनारे खड़ी पुलिस बुलाती रही

जबलपुर,यशभारत। जमतरा घाट पर युवक मानक वर्मा की डूबने से मौत के मामले में सामने आए 6 सेकेंड के वीडियो ने पूरे घटनाक्रम को नया मोड़ दे दिया है। वीडियो में जहां घाट किनारे पुलिसकर्मी उसे बुलाते नजर आ रहे हैं, वहीं मानक नदी में एक हाथ से तैरते और दूसरे हाथ में मोबाइल पकड़े दिखाई दे रहा है। इस वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस कार्रवाई और मौके की परिस्थितियों को लेकर कई सवाल उठ खड़े हुए हैं।वीडियो में साफ दिख रहा है कि युवक कुछ देर तक पानी में तैरता रहा, जबकि किनारे पर मौजूद लोग उसे बाहर आने के लिए कहते रहे।

25 वर्षीय मानक अपने बूढ़े माता-पिता का इकलौता सहारा था। परिवार में पत्नी के अलावा डेढ़ साल का बच्चा है। पत्नी गर्भवती है। मृतक कुछ दिनों पहले तक जबलपुर शहर में मजदूरी किया करता था। दो माह पहले काम छूट गया तो गांव में रहने वाले दोस्तों ने सलाह दी कि चाहो तो साथ में काम कर सकते हो। मानक ने काम देखा तो उसे पसंद आ गया। एक बोरी रेत निकालने में 20 रुपए मिलते थे। दिन भर में 8 से 10 बोरी रेत इकट्ठा करने में 200 रुपए मिला करते थे।

मानक के दोस्त बताते है कि रोजगार ना मिलने के कारण 8 दोस्त रोजाना खिरैनी से जमतरा नाव में बैठकर नदी पार करते थे। दिन भर नदी से रेत निकालते और फिर उसे पास ही बिलहरी-तिलहरी में बेचा करते है। जब कभी ट्राली भरने का ठेका मिल जाता तो, 3 हजार रुपए में बेचकर जितने भी रुपए मिलते तो आपस में बांट लिया करते थे। 500 से 800 रुपए नाव वाले को भी देने होते थे। मानक के एक साथी ने नाम ना लिखने की शर्त पर बताया कि काम में खतरा था, पर अगर माइनिंग और पुलिस को मेनेज कर लो, सब अच्छा चलता है।

फाइनेंस करवाया था मोबाइल

मानक ने कुछ माह पहले ही 15 हजार रुपए का मोबाइल फाइनेंस करवाया था। जिसकी हर माह दो हजार किश्त भी जाती थी। बताया जा रहा है कि एक तो पुलिस का डर और दूसरा मोबाइल को पानी में गीला होने से बचाने के लिए वह काफी देर तक तैरता रहा, और आखिरकार जब थक गया, और सांस भरने लगी तो पानी में डूब गया। मृतक का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह काफी देर तक एक हाथ से तैर रहा था, और दूसरे हाथ पर मोबाइल पकड़ा था। कोशिश कर रहा था कि फोन गीला ना हो, पर थकान के सामने वह हार गया और गहरे पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई।

पानी पीने उठा-लगा दी छंलाग

पुलिस और प्रशासन की टीम दोपहर को जमतरा घाट पहुंची। दोस्त रेत से भरी बोरी लेकर आगे निकल चुके थे। मानक भी जब नीचे से ऊपर तरफ चढ़ाई चढ़ रहा था, उसी दौरान अचानक टीम पहुंची और मानक को पकड़कर एसआई सीएस मरावी के हवाले कर आगे बढ़ गए। मृतक एसआई के पास बैठा हुआ था, इसी दौरान उसने कहा कि प्याल लगी है, पानी पीना है। एसआई ने उसे पास ही रखी पानी की बोटल उठाकर पीने कहा। जैसे ही मानक एसआई से थोड़ी दूर गया, तभी मौके देखकर दौड़ लगाया और पानी में छलांग लगा दी।

हमारी टीम नहीं गई थी

जिला खनिज अधिकारी एके राय का कहना है कि सोमवार को जो घटना जमतरा में हुई है, उसमें खनिज विभाग को काई रोल नहीं है। एसडीएम और पुलिस की टीम मौके पर कार्रवाई के लिए गई थी,जबकि मैं पाटन एसडीएम के साथ हिरन नदी के आसपास स्थित खनन एरिया में जांच कर रहा था, जबकि हमारा माइनिंग इस्पेक्टर बेलखेड़ा तरफ थे। हालांकि हमे भी एसडीएम का काल आया था, पर विभाग में कर्मचारी ना होने के कारण खनिज विभाग से कोई नहीं जा पाया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button