ताज उल मसाजिद में सालाना जोड़ में जुटे 5 से 6 हजार लोग , दिसंबर में होने वाले 79वें भोपाल इज्तिमा की तैयारियों पर मशविरा, आज दुआ के साथ हुआ समापन

ताज उल मसाजिद में सालाना जोड़ में जुटे 5 से 6 हजार लोग
दिसंबर में होने वाले 79वें भोपाल इज्तिमा की तैयारियों पर मशविरा, आज दुआ के साथ हुआ समापन
भोपाल, यश भारत। भोपाल की ऐतिहासिक ताज उल मसाजिद में आयोजित सालाना जोड़ में मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों से करीब 5 से 6 हजार लोग शामिल हो रहे हैं। शुक्रवार से ही लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। शनिवार को भी बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही। आयोजन के दौरान विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों के साथ उलेमा के बयान भी हुए। कई वर्षों से चली आ रही परंपरा के तहत आयोजित इस सालाना जोड़ का मुख्य उद्देश्य आगामी दिसंबर में होने वाले 79वें भोपाल इज्तिमा की तैयारियों को लेकर मशविरा करना लोगों के बीच समन्वय स्थापित करना और उन्हें इज्तिमा के दौरान अपनी जिम्मेदारियां निभाने के लिए प्रेरित करना है। इस दौरान इज्तिमा की व्यवस्थाओं आगंतुकों की सहायता अनुशासन तथा विभिन्न जिम्मेदारियों के निर्वहन से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की जा रही है।
नमाजों के बाद उलेमा के बयान, रविवार को हुई दुआ
सालाना जोड़ के तहत शनिवार और रविवार को विभिन्न नमाजों के बाद उलेमा के बयान और दुआ का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। शनिवार को फज्र की नमाज के बाद मौलाना सईद सिद्दीकी, जुहर में मौलाना यूसुफ कंधलवी, असर में मुफ्ती रियासत अली और मगरिब के बाद हजरत जी मौलाना साद कंधलवी का बयान हुआ।
रविवार को फज्र की नमाज के बाद मुफ्ती इलियास का बयान होगा। इसके बाद दोपहर 12 से 1 बजे के बीच हजरत जी मौलाना साद कंधलवी की दुआ हुई। दुआ के साथ सालाना जोड़ का समापन हुआ।
व्यवस्थाओं के लिए समन्वय और सहयोग
आयोजन में शामिल लोगों की सुविधा को देखते हुए पार्किंग की समुचित व्यवस्था की गई है। यातायात को सुचारु बनाए रखने आसपास के मार्गों पर आवागमन सहज रखने और स्थानीय नागरिकों को असुविधा से बचाने के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए थे। ताज उल-मसाजिद कमेटी तब्लीगी इज्तिमा कमेटी तथा प्रशासन पुलिस के समन्वय से आयोजन की व्यवस्थाएं संचालित की जा रही हैं। सभी संबंधित पक्षों के सहयोग से कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ।







