
हिमाचल प्रदेश,एजेंसी। हिमाचल प्रदेश में मानसून की बारिश तबाही मचा रही है. मंडी और शिमला में लैंडस्लाइड के चलते जान और माल का नुकसान हुआ है. मंडी में 3 लोगों की मौत भी हुई है. वहीं पूरे हिमाचल प्रदेश में नदी-नाले उफान पर बह रहे हैं। सोन खड्ड में उफान आने से धर्मपुर में बस स्टैंड भी ध्वस्त हो गया है। वहीं शिमला में BCS और हिमलैंड में भी लैंडस्लाइड हुआ है। मंडी जिले के सुंदरनगर उपमंडल की निहरी तहसील के ब्रगटा गांव में बीती रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। यहां भूस्खलन की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया।
मलबे में दब गया पूरा घर
जानकारी के अनुसार, लैंडस्लाइड एक घर के पास हुआ, जिससे पूरा घर मलबे में दब गया। हादसे के समय घर में पांच लोग मौजूद थे। इनमें से तीन की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें दो महिलाएं और आठ महीने का मासूम बच्चा शामिल है। मृतकों की पहचान 64 वर्षीय तांगू देवी पत्नी जय सिंह, 33 वर्षीय कमला देवी पत्नी देव राज, 8 माह का भीष्म सिंह पुत्र देव राज, के तौर पर हुई है। वहीं, दो लोगों को सुरक्षित निकाला गया, जिनमें 65 वर्षीय खूब राम पुत्र धनी राम, 58 वर्षीय दर्शन देवी पत्नी खूब राम शामिल हैं।
स्थानीय लोगों ने किया रेस्क्यू
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी, डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके के लिए रवाना हो गए हैं। बताया जा रहा है कि क्षेत्र के अधिकतर मार्ग बंद पड़े हैं, जिस कारण घटनास्थल तक पहुंचने में दिक्कतें आ रही हैं। स्थानीय लोगों ने ही अपने स्तर पर सर्च और ऑपरेशन चलाकर मलबे से लोगों को बाहर निकाला। क्षेत्र में अब भी रुक-रुक कर बारिश जारी है, जिससे राहत और बचाव कार्य में बाधाएं उत्पन्न हो रही हैं। साथ ही पहाड़ी से लगातार मलबा गिरने का खतरा भी बना हुआ है।







