25 लाख की चोरी का खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार

जबलपुर। यशभारत। गोहलपुर पुलिस ने नकबजनी और वाहन चोरी की चार वारदातों का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर सोने-चांदी के जेवर, इलेक्ट्रॉनिक सामान, बर्तन तथा टाटा इंट्रा और महिंद्रा बोलेरो पिकअप समेत करीब 25 लाख रुपये का माल बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो शातिर नकबजन भी शामिल हैं, जिनके खिलाफ पहले से चोरी, नकबजनी, मारपीट, हत्या के प्रयास और अवैध हथियार सहित कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने और पूर्व में चोरी-नकबजनी में शामिल आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए सघन पूछताछ और चोरी गए माल की बरामदगी के निर्देश दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर डॉ. आयुष जाखड़ और सीएसपी गोहलपुर शुभम सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी रीतेश पांडे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की।
अमन नगर में हुई दो नकबजनी की घटनाओं की जांच के दौरान पुलिस ने नुरूद्दीन अंसारी उर्फ अज्जु को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर अमन नगर के एक सूने मकान से सोने-चांदी के जेवर और दूसरे मकान से फ्रिज, कूलर, गीजर, बर्तन सहित घरेलू सामान चोरी करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर मोहम्मद इरशाद और भीम उर्फ आदिल खान को भी गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से सोने के पेंडिल, नथ, झुमकी, टीका, लौंग सहित चांदी के जेवर, पायल, पाजेब, कड़े, अंगूठी, फ्रिज और पुराने बर्तन बरामद किए गए।
11 मामले दर्ज हैं नुरूद्दीन पर
पुलिस के अनुसार नुरूद्दीन अंसारी के खिलाफ गोहलपुर, हनुमानताल, कोतवाली, आधारताल, ओमती और लार्डगंज थानों में नकबजनी, चोरी, मारपीट और अवैध हथियार सहित 11 मामले दर्ज हैं। वहीं मोहम्मद इरशाद के खिलाफ गोहलपुर, कोतवाली और हनुमानताल थानों में चोरी, नकबजनी, मारपीट, हत्या के प्रयास और अवैध हथियार सहित पांच प्रकरण दर्ज हैं।
वाहन चोरी में मालिक का रिश्तेदार ही निकला साजिशकर्ता
एक अन्य मामले में त्रिमूर्तिनगर स्थित राम मंदिर के पास खड़ी टाटा इंट्रा पिकअप चोरी हो गई थी। जांच में पुलिस ने राजू उर्फ रामगोपाल साहू को पकड़ा। पूछताछ में उसने वाहन चालक सौरभ दहिया के साथ मिलकर चोरी की साजिश रचना स्वीकार किया। दोनों की निशानदेही पर चोरी की गई टाटा इंट्रा पिकअप रीवा जिले में उड़ाकी टोल टैक्स के आगे एक ढाबे के पास से बरामद की गई।
इसके अलावा उत्तर मिलौनीगंज से चोरी हुई महिंद्रा बोलेरो पिकअप भी पुलिस ने खजरी खिरिया क्षेत्र से बरामद की है। इस मामले में भी पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई की। सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।







