शहर में ‘आतंकी कुत्तों’ का हमला: 40 लोग घायल, जिला अस्पताल में लगी लंबी कतार

सतना | यश भारत । शहर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक आक्रामक कुत्ते ने गहरानाला से लेकर अस्पताल चौक तक करीब एक घंटे तक आतंक मचाते हुए दर्जनों लोगों पर हमला कर दिया। इस घटना में 40 से अधिक लोग घायल हो गए, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुत्ते ने सबसे पहले गहरानाला क्षेत्र में राहगीरों को निशाना बनाया और फिर रीवा रोड, खेरमाई रोड, खोवा मंडी होते हुए अस्पताल चौराहे तक लोगों को काटता चला गया। रास्ते में जो भी सामने आया, उस पर कुत्ता झपट पड़ा।
कई इलाकों में दहशत का माहौल
गहरानाला से माहेश्वरी स्वीट्स तक करीब 25 लोगों को कुत्ते ने घायल किया। इसके बाद खेरमाई रोड और खोवा मंडी में भी हमले जारी रहे। अंत में अस्पताल चौराहे पर दो लोगों को काटने के बाद कुत्ता स्टेशन की ओर भाग गया। अचानक हुए इस हमले से पूरे क्षेत्र में भय का माहौल बन गया।
जिला अस्पताल में मचा हड़कंप
घटना के बाद बड़ी संख्या में घायल जिला अस्पताल पहुंचे, जहां इंजेक्शन रूम के बाहर लंबी कतार लग गई। सभी को एंटी रेबीज (ARV) और एंटी टिटनेस के इंजेक्शन लगाए गए।
डॉक्टरों ने बताया कि 25 गंभीर घायलों को इम्युनोग्लोब्युलिन इंजेक्शन दिया गया, जो गहरे घाव और अधिक संक्रमण के खतरे वाले मामलों में लगाया जाता है।
आरएमओ ने संभाली व्यवस्था
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अस्पताल के आरएमओ डॉ. शरद दुबे मौके पर पहुंचे। उन्होंने अतिरिक्त एआरवी इंजेक्शन मंगवाए और स्टाफ को तत्काल इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सर्वर ठप, मैन्युअल पर्चियों से इलाज
इसी बीच ओपीडी का सर्वर दोपहर करीब ढाई बजे बंद हो गया, जिससे अस्पताल प्रबंधन को मैन्युअल पर्चियां बनानी पड़ीं। हाथ से नाम लिखकर मरीजों का पंजीयन किया गया। शाम सात बजे के बाद सर्वर चालू होने पर ऑनलाइन व्यवस्था बहाल हो सकी।







