2 घंटे कटनी जंक्शन के प्लेटफॉर्म पर पड़ा रहा शव, ट्रेन में यात्री की मौत

कटनी, यशभारत । रेलवे स्टेशन पर एक दर्दनाक घटना के साथ प्रशासनिक संवेदनहीनता का मामला सामने आया है। ट्रेन यात्रा के दौरान एक 41 वर्षीय यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मृत यात्री की पहचान जितेंद्र (41 वर्ष) के रूप में हुई है। जबलपुर से सूचना मिलने के बाद सुबह करीब 10:45 बजे ट्रेन से यात्री को नीचे उतारा गया। इसके बाद एनकेजे रेल अस्पताल के डॉक्टर प्रतीक सिंह द्वारा जांच किए जाने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
घटना के बाद जीआरपी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों और उपलब्ध जानकारी के अनुसार सुबह 10:45 बजे यात्री का शव ट्रेन से नीचे उतारा गया। सुबह 11 बजे जीआरपी को घटना की मौखिक सूचना दे दी गई थी। रेल अधिकारियों द्वारा जीआरपी को औपचारिक लिखित मेमो भी सौंप दिया गया। इसके बावजूद दोपहर 12: 45 बजे तक मृतक का शव प्लेटफॉर्म पर ही पड़ा रहा। सूचना मिलने के घंटों बाद भी शव को पंचनामा व पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल न भिजवाना जीआरपी की गंभीर लापरवाही व संवेदनहीनता को दर्शाता है।







