राजधानी दिल्ली में चलती स्लीपर बस में 16 वर्षीय छात्रा से दुष्कर्म, ड्राइवर-कंडक्टर गिरफ्तार
परी चौक से कश्मीरी गेट तक ले गए, बस के शीशों पर लगे थे पर्दे

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में चलती स्लीपर बस में 11वीं कक्षा की 16 वर्षीय छात्रा के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। घटना 4 अगस्त की रात की बताई जा रही है। दिल्ली पुलिस ने मामले में बस चालक कुलदीप और कंडक्टर संदीप को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बस को जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार छात्रा उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले की रहने वाली है और परिवार से विवाद के बाद बिना बताए घर से नोएडा में अपने कजिन से मिलने निकली थी। भारी बारिश और अंधेरे के बीच वह परी चौक पर उतर गई। इसी दौरान खाली स्लीपर बस वहां पहुंची। चालक और कंडक्टर ने छात्रा को नोएडा सेक्टर-63 की ओर जाने की बात कहकर बस में बैठा लिया।
पुलिस के मुताबिक बस चलने के बाद छात्रा के साथ दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर दुष्कर्म किया और विरोध करने पर धमकी दी। इसके बाद देर रात छात्रा को कश्मीरी गेट बस टर्मिनल के पास रिंग रोड पर छोड़कर आरोपी फरार हो गए। छात्रा पुलिस के पास पहुंची, जिसके बाद जांच शुरू हुई।
जांच के दौरान पुलिस ने तिमारपुर के बस पार्किंग क्षेत्र से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार बस पहले खराब हो गई थी और मरम्मत के लिए सूरजपुर की वर्कशॉप में भेजी गई थी। मरम्मत के बाद दोनों आरोपी खाली बस को तिमारपुर ले जा रहे थे। इसी दौरान परी चौक पर छात्रा बस में सवार हुई।
पुलिस के अनुसार परी चौक से कश्मीरी गेट तक बस ने करीब 47 किलोमीटर की दूरी तय की। स्लीपर बस की खिड़कियों पर पर्दे लगे होने के कारण बाहर से अंदर की गतिविधियां दिखाई नहीं दे रही थीं। पुलिस मामले में साक्ष्य जुटाने और आगे की जांच कर रही है।







