भोपालमध्य प्रदेश

मध्यप्रदेश में 12 आईपीएस अधिकारियों के तबादले, कई जिलों के एसपी बदले नर्मदापुरम, बैतूल, पन्ना, हरदा और अलीराजपुर को मिले नए पुलिस अधीक्षक

मध्यप्रदेश में 12 आईपीएस अधिकारियों के तबादले, कई जिलों के एसपी बदले

नर्मदापुरम, बैतूल, पन्ना, हरदा और अलीराजपुर को मिले नए पुलिस अधीक्षक 

भोपाल, यश भारत। मध्यप्रदेश शासन के गृह विभाग ने 12 भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। 28 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार अधिकारियों को अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक नई पदस्थापना दी गई है। इस प्रशासनिक फेरबदल में नर्मदापुरम, बैतूल, पन्ना, हरदा और अलीराजपुर सहित कई जिलों के पुलिस अधीक्षकों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। वहीं भोपाल पुलिस मुख्यालय और नगरीय पुलिस में भी अधिकारियों की नई पदस्थापना की गई है। आदेश के अनुसार, रघुवंश कुमार सिंह को अलीराजपुर के पुलिस अधीक्षक पद से हटाकर पुलिस मुख्यालय भोपाल में उप पुलिस महानिरीक्षक पदस्थ किया गया है। दीपक कुमार शुक्ला को उज्जैन की 32वीं वाहिनी विसबल से स्थानांतरित कर नर्मदापुरम का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। नर्मदापुरम के मौजूदा एसपी साईकृष्ण एस. थोटा को पुलिस मुख्यालय भोपाल में सहायक पुलिस महानिरीक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बैतूल के पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन को भोपाल नगरीय पुलिस में पुलिस उपायुक्त (यातायात) बनाया गया है। पन्ना की एसपी निवेदिता नायडू को सागर स्थित 10वीं वाहिनी विसबल का सेनानी नियुक्त किया गया है। भोपाल में रेल पुलिस अधीक्षक के पद पर पदस्थ अंकित जायसवाल को हरदा का नया एसपी बनाया गया है। वहीं, पुलिस मुख्यालय भोपाल में सहायक पुलिस महानिरीक्षक (कार्मिक) अमित सक्सेना को बैतूल जिले की कमान सौंपी गई है। इसी तरह इंदौर में साइबर पुलिस अधीक्षक सव्यसाची सराफ को पन्ना का एसपी बनाया गया है। उज्जैन में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ के पुलिस अधीक्षक समर वर्मा को अलीराजपुर का नया एसपी नियुक्त किया गया है। उनकी सेवाएं सामान्य प्रशासन विभाग से वापस लेते हुए यह पदस्थापना की गई है। अन्य आदेशों में अभिषेक आनंद को इंदौर की 15वीं वाहिनी, विसबल का सेनानी नियुक्त करते हुए पुलिस प्रशिक्षण केंद्र (पीटीसी) इंदौर के एसपी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। श्रुतकीर्ति सोमवंशी को ग्वालियर की दूसरी वाहिनी विसबल का सेनानी बनाया गया है। उन्हें 14वीं वाहिनी, ग्वालियर के सेनानी का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। हरदा के मौजूदा एसपी शशांक को पुलिस मुख्यालय भोपाल में सहायक पुलिस महानिरीक्षक पदस्थ किया गया है।

गृह विभाग की ओर से जारी आदेश मध्यप्रदेश के राज्यपाल के नाम से तथा आदेशानुसार सचिव कृष्णावेणी देशावतु के हस्ताक्षर से जारी किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button