जबलपुरमध्य प्रदेश

12 घंटे के भीतर बस स्टैंड चौकी प्रभारी और टीम का एक्शन शराब पार्टी में हुए विवाद के बाद डीजे युवक हत्याकांड के 2 आरोपी गिरफ्तार

जबलपुर। मदन महल थाना क्षेत्र में डीजे का कार्य करने वाले युवक कपिल प्यासी की चाकू मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए 12 घंटे के भीतर दोनो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वारदात के बाद शहर में आरोपी फरार होने की चर्चाएं तेज थीं, वहीं अगले दिन शहर में वीआईपी मूवमेंट के चलते पुलिस पर अतिरिक्त दबाव भी था। इसके बावजूद बस स्टैंड चौकी पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपियों को दबोच लिया। सूत्रों के मुताबिक पुलिस कल जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर सकती है।

जानकारी के अनुसार मदन महल स्थित एक रेस्टोरेंट के पीछे देर रात कुछ युवक शराब पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद अतुल प्यासी और कपिल प्यासी का कुछ युवकों से विवाद हो गया। शराब के नशे में गाली-गलौज के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और धक्का-मुक्की शुरू हो गई।

मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया और दोनों पक्ष अलग हो गए। कपिल और अतुल अपने घर के लिए निकल गए, लेकिन आरोपियों ने रंजिश खत्म नहीं की।

बताया जा रहा है कि रेस्टोरेंट के पीछे जिन युवकों से विवाद हुआ था, उन्होंने कुछ देर बाद बाइक से कपिल और अतुल का पीछा किया। तीन पत्ती स्थित UCO Bank के पास एक रेस्टोरेंट के सामने आरोपियों ने उन्हें रोक लिया और दोबारा विवाद शुरू कर दिया।

विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने कपिल प्यासी पर चाकू से हमला कर दिया। उसकी कमर के नीचे चाकू मारा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। परिजन और स्थानीय लोग उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना देर रात करीब डेढ़ बजे से दो बजे के बीच की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी थी।

घटना के बाद यह मामला पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया था, क्योंकि शहर में वीआईपी मूवमेंट के बीच आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर सवाल उठ रहे थे। हालांकि शाम होते-होते पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस पूरे घटनाक्रम का विस्तृत खुलासा करने की तैयारी में जुटी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button