मध्य प्रदेशराज्य

10 लाख की पुलिया निर्माण में लापरवाही! मजदूरी की राशि खत्म

यशभारत, डिंडोरी |जनपद पंचायत बजाग अंतर्गत ग्राम पंचायत पडरिया डोंगरी के वार्ड क्रमांक 2 में निर्माणाधीन लगभग 10 लाख रुपये लागत की पुलिया इन दिनों गंभीर अनियमितताओं और लापरवाही के चलते चर्चा का विषय बनी हुई है। आरोप है कि सरपंच और सचिव की लापरवाही के कारण निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है, जबकि मजदूरी मद की राशि पहले ही समाप्त हो चुकी है।

 

 

 

ग्रामीणों के अनुसार, पुलिया निर्माण कार्य की शुरुआत तो जोर-शोर से की गई थी, लेकिन कुछ ही समय बाद कार्य की गति धीमी पड़ गई और अब लगभग बंद जैसी स्थिति में पहुंच गई है। मजदूरों को भुगतान भी न मिलने के कारण उन्होंने काम करना बंद कर दिया, जिससे निर्माण कार्य अधर में लटक गया है। इससे आवागमन में ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

 

 

स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता और पारदर्शिता का अभाव है। पुलिया निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि इस पूरे मामले में भ्रष्टाचार की शिकायत की गई थी, जिसके बाद जांच भी कराई गई, लेकिन करीब चार महीने बीत जाने के बाद भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्य पूरा नहीं हुआ, तो बारिश के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो सकती है, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाएगा। वहीं, प्रशासन की चुप्पी से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

 

ग्रामीणों की मांग:

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए और पुलिया निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूर्ण कराया जाए।

 

 

इस संबंध में ग्राम पंचायत सचिव से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उनका पक्ष समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सका।

 

पडरिया डोंगरी में अधूरी पुलिया निर्माण और पूर्व में किए गए भ्रष्टाचार की जांच के बाद भी कार्रवाई न होना प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button